
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- CM रेखा गुप्ता ने...
CM रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दी खुशखबरी, सोमवार को सरकारी छुट्टी का ऐलान

दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पर्व के अवसर पर दिल्लीवासियों को बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने सोमवार, 27 अक्टूबर को सरकारी अवकाश की घोषणा की है। यह दिन छठ पर्व का तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण दिन होने के कारण छुट्टी का ऐलान किया गया है।
दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज इस दिन बंद रहेंगे और राज्य सरकार के कर्मचारियों को भी छुट्टी रहेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इस दिन श्रद्धालु सूर्यास्त के समय नदियों और तालाबों के किनारे डूबते सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। इसके लिए सुबह से ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं और परिवार विभिन्न कामों में व्यस्त रहते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ प्रकृति को समर्पित एक पर्व है, जिसमें सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि यह पर्व आस्था, भक्ति और स्वच्छता का प्रतीक है और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
उन्होंने आगे कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं का उत्सव है, जो परिवारों, समाज और समुदायों को एक साथ लाता है। दिल्ली सरकार ने इस दौरान सभी छठ घाटों पर सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित किया है, ताकि श्रद्धालु मन की शांति के साथ पूजा कर सकें।
छठ पूजा पूरे देश में विशेष रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से मनाई जाती है। यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होता है, जिसमें नहाय-खाय, खरना, छठ पूजा और उषा अर्घ्य के साथ समापन होता है। इस साल यह पर्व 25 से 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लाएगा और समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करेगा।




