
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Delhi Flood : दिल्ली...
Delhi Flood : दिल्ली में यमुना का रौद्र रूप! यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक पहुंचा यमुना का पानी, DMRC का अलर्ट, गुरुग्राम में जलभराव से जाम

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश का कहर जारी है। आज फिर दिन की शुरुआत बारिश से हुई। वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। जिसके चलते डीएमआरसी ने अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में घुसा यमुना का पानी
बता दें कि यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी और झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है।
यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएमआरसी का अलर्ट
यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला संपर्क मार्ग वर्तमान में कठिन हो गया है। स्टेशन चालू है और इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है। डीएमआरसी के एक प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी है।
इन इलाकों में बाढ़
दिल्ली का यमुना बाजार और मोनेस्ट्री मार्केट बुधवार को ही जलमग्न हो गए थे। कल यहां पानी का स्तर और बढ़ गया था। इसके अलावा, मयूर विहार में भी यमुना का पानी ऊपर आ गया है जिसके बाद कई लोगों को राहत कैंपों में रहना पड़ रहा है। निगमबोध घाट, पुराना लोहा पुल, ISBT, बुराड़ी से लेकर न्यू उस्मानपुर और नजफगढ़ में भी पानी कॉलोनियों में घुस चुका है। इधर कालिंदी कुंज में भी यमुना रौद्र रूप में बह रही है जिसके बाद यहां भी कुछ इलाकों में पानी भर गया है। आज भी दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है।
गुरुग्राम में भी जलभराव से लोग परेशान
जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के सदर बाजार स्थित अग्रसेन चौक पर भारी जलभराव हो रहा है। जिसकी वजह से ट्रैफिक थम गया है। वहीं शीतला माता रोड पर जलभराव और टूटी सड़क की वजह से भारी जाम लग गया है। इसके चलते लोगों के काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कश्मीरी गेट तक पहुंचा पानी
बता दें कि उफनती यमुना नदी का पानी दिल्ली के यमुना किनारे वाले कुछ हिस्सों में घुसने से भीषण जलभराव हो गया है। यमुना का पानी कश्मीरी गेट पर रिंग रोड तक पहुंच गया है। जिसकी वजह से वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा है।