
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- सोशल मीडिया पोस्ट के...
सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में ऋचा चड्ढा को दिल्ली हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने ऋचा चड्ढा को उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट्स के लिए फटकार लगाई है। दरअसल अभिनेत्री ने आरोपों के आधार पर एक शख्स को बिना सोचे-समझे 'मॉलेस्टर' कह दिया है। इस कड़ी में ऋचा के अलावा कोर्ट ने एक पत्रकार और कुछ अन्य प्लेटफॉर्म्स को भी उनके पोस्ट के लिए फटकार लगाई है। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पोस्ट्स में एक व्यक्ति पर विमान के अंदर हुई एक घटना के बाद कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर उसको छेड़खानी करने वाला कहा गया था।
कोर्ट ने कई पोस्ट पर जताई आपत्ति
जस्टिस विकास महाजन ने कहा कि सोशल मीडिया पर गढ़ी गई कहानियों ने एफआईआर की सीमाओं का साफतौर पर उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि इन प्रकाशनों ने न केवल FIR में लगे आरोपों की रिपोर्टिंग की, बल्कि मामले पर समय से पहले ही अपना फैसला भी सुना दिया। इस सिलिसले में कोर्ट ने कई पोस्ट पर कड़ी आपत्ति जताई। कोर्ट ने इसे 'सोशल मीडिया का सबसे आपत्तिजनक और बेवजह इस्तेमाल' कहा। कोर्ट ने कहा कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना ही एक मुद्दे को सनसनीखेज बनाने की कोशिश की गई।
अदालत ने कहा
अदालत ने कहा कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट में वादी को 'छेड़छाड़ करने वाला' बताया गया है और यह शब्द उसकी तस्वीर के ठीक ऊपर बड़े अक्षरों में लिखा गया है। इस तस्वीर में वादी और उसके नियोक्ता का नाम भी शामिल है। प्रथम दृष्टया, यह ऑनलाइन मानहानि का मामला बनता है, जिससे वादी को सार्वजनिक उपहास और प्रतिष्ठा की हानि का सामना करना पड़ सकता है'। इस कड़ी में मानहानि के मुकदमे की सुनवाई करते समय जज ने यह बात कही। दरअसल एक शख्स ने इस मुकदमें को एक स्वतंत्र पत्रकार, मेटा प्लेटफॉर्म, इंडियो एयरलाइंस, कई सोशल मीडिया पोस्ट और एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा के खिलाफ दायर किया था।
ऋचा चड्ढा ने लिखा था
इस मामले में अभिनेत्री ऋचा चड्ढा भी शामिल थीं, जिन्होंने इस सामग्री को दोबारा पोस्ट करते हुए यह टिप्पणी की, 'इसे और मशहूर बनाओ'।
शिकायतकर्ता ने कहा
गौरतलब है कि यह विवाद 11 मार्च की एक घटना से जुड़ा है। दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट के दौरान, एक महिला स्वतंत्र पत्रकार ने वादी पर फ्लाइट के बीच में ही गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया था। मुकदमे के अनुसार, वादी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह पूरी फ्लाइट के दौरान वह अपनी सीट पर ही बैठा रहा और फ्लाइट से उतरने से पहले वह सो रहा था।




