Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

25 सालों से फरार चल रहे सीरियल किलर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया, जानें पहाड़ियों से फेंक कर कैसे करता था हत्या

Aryan
6 July 2025 6:03 PM IST
25 सालों से फरार चल रहे सीरियल किलर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया, जानें पहाड़ियों से फेंक कर कैसे करता था हत्या
x
आरोपी लोगों की हत्या कर पहाड़ों से फेंक देता था शव

नई दिल्ली। हत्या के मामले में 25 सालों से फरार चल रहा बदमाश अजय लांबा उर्फ बंसी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अजय लांबा टैक्सी चलाता था। सवारियों की हत्या कर पहाड़ों से नीचे फेंक देता था। वह दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था।

टैक्सी बुक करने के बाद उसे उत्तराखंड ले जाता था

दिल्ली आर के पुरम क्राइम ब्रांच टीम ने एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है। सीरियल किलर अजय लांबा करीब 25 साल से फरार था। ये टैक्सी बुक करने के बाद उसे उत्तराखंड ले जाता था और वहां जाकर चालक की हत्या के बाद उसके शव को पहाड़ियों से खाई में फेंक देता था। इसने अपने साथियों के साथ मिलकर चार टैक्सी चालकों की हत्या की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई वर्षों से एक्टिव था। साल 2001 से सीरियल किलर्स का ये गैंग वारदातों को अंजाम दे रहा था। टैक्सी चालकों के गायब होने के दर्जनों मामले दिल्ली में दर्ज हैं।

दर्जनों टैक्सी चालकों के गायब होने में हाथ

पुलिस को शक है कि इस गिरोह का दर्जनों टैक्सी चालकों के गायब होने में हाथ हो, इन्होंने उस चालकों की भी हत्या कर दी हो। जांच में सामने आया है कि ये लोग पहले दिल्ली से रेंट पर गाड़िया बुक करते थे, उसके बाद उसे उत्तराखंड ले जाते थे। उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया जाता था।

उसके बाद चालक का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया जाता था। फिर शव को अल्मोड़ा, हल्द्वानी और उधमसिंह नगर जैसे इलाकों की गहरी खाइयों में फेंक दिया जाता था।

गाड़ी को नेपाल में बेच देते थे

ये लोग गाड़ी को ले जाकर नेपाल में बेच देते थे। मामले में चार चालकों की हत्या की पुष्टी हुई है। हालांकि, पुलिस ने केवल एक ही कैब ड्राइवर का शव बरामद किया था। तीन कैब ड्राइवर के शव तक नहीं मिले। जानकारी के अनुसार अजय लांबा नेपाल में भी करीब 10 साल तक छिपा रहा। इतना ही नहीं अजय ने वहां एक लड़की से शादी भी कर ली। इस गिरोह के अन्य सदस्य धीरेंद्र और दिलीप पांडे की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। एक आरोपी धीरज अभी भी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।

Next Story