
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ऑनलाइन दोस्ती के नाम...
ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर दिल्ली युवक का अपहरण, मारपीट के बाद पुलिस ने किया रेस्क्यू

दिल्ली में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के चलते एक 20 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया गया। युवक का नाम निखिल है, जो बीते दो महीनों से खुशी नाम की एक लड़की के संपर्क में था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 3 जुलाई को निखिल अपने घर से यह कहकर निकला कि वह खुशी से मिलने जा रहा है।
उसी दिन शाम को उसकी बहन के पास निखिल के नंबर से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को खुशी का भाई बताया और कहा कि निखिल उनके साथ पकड़ा गया है और उसे छोड़ा नहीं जाएगा। इसके बाद फोन स्विच ऑफ कर दिया गया।
निखिल की बहन ने तुरंत शकरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पहले उसका लोकेशन नोएडा सेक्टर-6 में मिला, लेकिन वहां कोई सुराग हाथ नहीं लगा। कुछ समय बाद जब उसका फोन कुछ मिनटों के लिए चालू हुआ तो लोकेशन मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के पास यमुना खादर इलाके में ट्रेस किया गया।
पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि कुछ लोग निखिल को पीट रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और अपनी बाइक वहीं छोड़ दी।
एक आरोपी, संजीव कुमार लोहिया (31), जो त्रिलोकपुरी का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से निखिल का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पूछताछ में निखिल ने बताया कि उसी दिन खुशी ने उसे इंदिरापुरम मॉल बुलाया था। वहां से लौटते वक्त मेट्रो स्टेशन के पास पांच लोग आए और उसे जबरन उठा ले गए। निखिल ने आरोप लगाया कि खुशी भी इस साजिश में शामिल थी और सबकुछ पहले से तय था।
शकरपुर थाने में अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन अंजान लोगों से संपर्क करने में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।