
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- दिलवाले दुल्हनियां...
दिलवाले दुल्हनियां नहीं ले जा पाया... दुल्हन शादी से पहले हुई फरार! पढ़ें दिलचस्प खबर

उधमसिंह नगर। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। दरअसल यहां एक दूल्हा अपने सपनों की दुनिया सजा रहा था। वह अपनी शादी को लेकर तैयारियों में लगा था। लेकिन जैसे ही वो बारात लेकर दुल्हन के घर जाता, उसे एक कॉल आई। उस कॉल में दुल्हन के बारे में उसे कुछ ऐसी बात पता चली जिसे सुनकर वह भौंचका रह गया। बता दें कि दुल्हन अपने प्रेमी के संग भाग गई थी।
दूल्हा शादी को लेकर था खुश
जानकारी के मुताबिक, दूल्हा पक्ष को लड़की के भागने की सूचना नहीं दी गई थी। वहीं दूल्हा शादी को लेकर काफी खुश था। वो अपने सिर पर सेहरा सजाए और शेरवानी पहने बारात लेकर निकलने ही वाला था, कि उसके पास कॉल आ गई।
शादी से पहले ही दुल्हन फरार
बता दें कि युवक बाजपुर नगर पालिका क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी शादी सीमावर्ती उत्तर प्रदेश क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुई थी। दोनों का विवाह होना था, इसके लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए थे। लेकिन तभी दुल्हन पक्ष से एक कॉल आया कि दुल्हन रात में ही अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई है।
लड़के पक्ष में मची अफरा-तफरी
इस खबर से लड़के पक्ष में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर लड़की पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह की तैयारियों में भारी खर्च हो चुका है। अब हमारे परिवार को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
एसएसआई जसविंदर सिंह ने कहा
इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसआई जसविंदर सिंह ने कहा कि यह पारिवारिक मामला है। मानवीय दृष्टिकोण को देखते हुए दोनों पक्षों से आपसी सहमति से समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल, पुलिस युवती और उसके प्रेमी की तलाश कर रही है।




