
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- डोनाल्ड ट्रंप ने 39...
डोनाल्ड ट्रंप ने 39 देशों तक बढ़ाया ट्रैवल बैन, फिलिस्तीनियों की भी अमेरिका में No Entry, जानें नया नियम कब से होगा प्रभावी

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आव्रजन नीति को सख्त कर दिया है। ट्रंप प्रशासन ने सात देशों के साथ ही फिलिस्तीनियों की यात्रा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इतना ही नहीं ट्रंप ने 15 अन्य देशों के नागरिकों के प्रवेश पर भी आंशिक रूप से प्रतिबंध लगाया है। वहीं अब अमेरिका द्वारा ट्रैवल बैन के दायरे में आने वाले देशों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है।
नया प्रतिबंध 1 जनवरी से होगा प्रभावी
जानकारी के मुताबिक, यह यात्रा प्रतिबंध और प्रवेश संबंधी पाबंदियां 1 जनवरी से प्रभावी होंगी। प्रशासन के अनुसार, यह कदम कमजोर वीजा जांच प्रणाली, अधिक वीजा ओवरस्टे दर और आतंकवादी गतिविधियों के खतरे को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
इन 7 देशों पर लगा यात्रा प्रतिबंध
इस ऐलान के तहत बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया पर पूर्ण ट्रैवल बैन लगाया गया है। इसके अलावा फिलिस्तीनियों को भी प्रतिबंधित सूची में रखा गया है। इसके साथ ही लाओस और सिएरा लियोन पर भी अब पूर्ण ट्रैवल बैन लागू कर दिया गया है, जिन पर पहले आंशिक पाबंदियां थी।
इन देशों पर आंशिक लगा प्रतिबंध
ट्रंप प्रशासन ने अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोट डी'आईवोर, डोमिनिका, गैबॉन, द गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे के नागरिकों पर आंशिक प्रवेश प्रतिबंध लगाए गए हैं। बुरुंडी, क्यूबा, टोगो और वेनेजुएला के नागरिकों पर प्रतिबंध रहेगा। नए नियम के तहत तुर्कमेनिस्तान एकमात्र ऐसा देश है, जिसे आंशिक राहत दी गई है। इसके नागरिकों के लिए गैर-आप्रवासी वीजा पर लगी पाबंदियां हटा ली गई हैं।
इन 12 देशों पर भी लगा प्रतिबंध
अमेरिका ने पहले से ही अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया है।
सुरक्षा घटनाओं के मद्देनजर उठाया गया कदम
ट्रंप प्रशासन ने यह कदम हालिया सुरक्षा घटनाओं के बाद उठाया है। बता दें कि 26 नवंबर को वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो जवानों की हत्या हुई थी। हमलावर अफगान नागरिक था, जिसे अमेरिका से सेना वापसी के बाद शरण दी गई थी। वहीं, 13 दिसंबर को सीरिया में इस्लामिक स्टेट के हमले में दो अमेरिकी सैनिक और एक अमेरिकी नागरिक की मौत भी हुई थी।




