
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नोएडा के वृद्धाश्रम...
नोएडा के वृद्धाश्रम में अमानवीय हालत में मिले बुजुर्ग, 42 बुजुर्ग बिना कपड़ों के बेसमेंट जैसे कमरों में थे, पूरा दृश्य जानकर कांप जाएंगे रुह!

नोएडा (शुभांगी) । नोएडा के सेक्टर 55 स्थित एक कथित अवैध वृद्धाश्रम में छापेमारी के दौरान 42 बुजुर्गों को बेहद खराब स्थिति में पाया गया। इनमें से कई लोगों के शरीर पर कपड़े नहीं थे, कुछ बुज़ुर्ग महिलाओं को बांधकर रखा गया था और बाकी लोग गंदे, बेसमेंट जैसे कमरों में बंद थे। पुलिस और राज्य महिला आयोग की संयुक्त कार्रवाई में इन सभी को रेस्क्यू किया गया।
रेड के दौरान सामने आई डरावनी सच्चाई
यह छापा गुरुवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग और समाज कल्याण विभाग की मौजूदगी में डाला गया था। छापेमारी के दौरान पाया गया कि ‘आनंद निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम’, जो कि C-5, सेक्टर 55, नोएडा में स्थित है, पूरी तरह से अवैध रूप से संचालित हो रहा था।
बुजुर्ग महिलाएं आधे कपड़ों में, पुरुष पूरी तरह निर्वस्त्र
महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भाराला ने बताया कि एक वृद्ध महिला को बांधकर रखा गया था, और कई अन्य बुज़ुर्गों को गंदे और अंधेरे कमरों में बंद किया गया था। कुछ पुरुषों के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था, जबकि कई बुजुर्ग महिलाएं आधे अधूरे कपड़ों में मिलीं। वृद्धाश्रम की स्थिति बेहद चिंताजनक और अमानवीय थी।
बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है
इस वृद्धाश्रम में कुल 42 बुज़ुर्ग रह रहे थे, जिनमें से 3 को शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित एक सरकारी वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया जाएगा। बाकी लोगों को अगले पांच दिनों में अन्य सरकारी मान्यता प्राप्त वृद्धआश्रमों में भेजा जाएगा।
आश्रम को किया जाएगा सील
मीनाक्षी भाराला ने यह भी बताया कि प्रशासन की मदद से इस अवैध वृद्धाश्रम को सील कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। इस मामले ने प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं को हिला कर रख दिया है।