
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- इग्लैंड ने सेमीफाइनल...
इग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए किया क्वालिफाई, पाकिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर? भारत की राह भी कुछ आसान नहीं!

नई दिल्ली। इंग्लैंड ने आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई कर लिया है। बता दें कि पल्लेकेले में खेले गए सुपर 8 मुकाबले में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर इंग्लैंड अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। हालांकि पाकिस्तान अभी पूरी तरह वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुआ है, लेकिन उनकी सेमीफाइनल की राह अब बहुत कठिन हो गई है और वे दूसरी टीमों के परिणामों पर निर्भर हैं। वहीं भारत के लिए भी राह कुछ आसान नहीं है।
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया (5 गेंद शेष रहते)। कप्तान हैरी ब्रूक ने मात्र 50 गेंदों में अपना पहला टी20ई शतक (100 रन) जड़कर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित की। पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी ने 4 विकेट लिए, जबकि इंग्लैंड के लियाम डॉसन ने 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
ग्रुप 2 की स्थिति और पाकिस्तान के लिए समीकरण
इंग्लैंड 2 मैचों में 2 जीत (4 अंक) के साथ तालिका में शीर्ष पर है। पाकिस्तान के पास फिलहाल 2 मैचों में केवल 1 अंक (न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के कारण) है।
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें इन शर्तों पर टिकी हैं
श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड (25 फरवरी): पाकिस्तान को उम्मीद करनी होगी कि श्रीलंका न्यूजीलैंड को हरा दे।
इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (27 फरवरी): इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हरा दे ताकि न्यूजीलैंड के अंक न बढ़ें।
पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (28 फरवरी): पाकिस्तान को अपने आखिरी मैच में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना होगा।
भारत भी हो सकता है बाहर?
बता दें कि भारत अभी 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुआ है। हां, ये जरूर है कि भारत के लिए अब राह मुश्किल हो गई है। भारत की परेशानी वेस्टइंडीज ने बढ़ाई है, ये भी बिल्कुल सच है। दरअसल, टीम इंडिया सुपर-8 के अपने पहले मैच में 76 रनों से हारी थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस हार से भारत का नेट रन रेट -3.800 है। अपने ग्रुप में टीम इंडिया तीसरे नंबर पर है। वहीं वेस्टइंडीज (+5.350) और दक्षिण अफ्रीका (+3.800) का नेट रन रेट भारत से काफी आगे है। अब टीम इंडिया के लिए इन दोनों को नेट रन रेट में पीछे छोड़ना लगभग नामुमकिन है।
सेमीफाइनल का समीकरण: भारत कैसे कर सकता है क्वालीफाई?
भारत के पास अभी भी आगे बढ़ने के मौके हैं, लेकिन इसके लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे और दूसरों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
दोनों मैच जीतना अनिवार्य: भारत को अपने अगले दो मैचों में जिम्बाब्वे (26 फरवरी) और वेस्टइंडीज (1 मार्च) को हर हाल में हराना होगा।
दक्षिण अफ्रीका पर निर्भरता: अगर दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी दोनों मैच (वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ) जीत जाता है, तो वह 6 अंकों के साथ टॉप करेगा और भारत 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर सीधे क्वालीफाई कर जाएगा।
NRR का पेंच: अगर वेस्टइंडीज दक्षिण अफ्रीका को हरा देता है और भारत अपने दोनों मैच जीतता है, तो भारत, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका तीनों के 4-4 अंक हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में फैसला नेट रन रेट से होगा। भारत का NRR फिलहाल बहुत खराब है, इसलिए उसे बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। अगर भारत अपना एक भी मैच हारता है, तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।




