Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

दिल्ली एनसीआर में आसमान से बरस रही है आग, गर्मी का येलो अलर्ट जारी, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

Shilpi Narayan
9 Jun 2025 3:42 PM IST
दिल्ली एनसीआर में आसमान से बरस रही है आग, गर्मी का येलो अलर्ट जारी, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
x

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। गर्मी का प्रकोप ऐसा है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल है। वहीं जो लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, वो भी गर्मी से बचाव के लिए साथ में पानी की बोतल और अन्य चीजें रख रहे हैं।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री

बता दें कि दिल्ली एनसीआर में आसमान से आग बरस रही है। गर्मी का आलम यह है कि दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को छू रहा है जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस तक है। जिस वजह से रात और दिन दोनों बेहद गर्म हो रहे हैं। नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली में अगर तुलना करें तो दिल्ली सबसे गर्म है, दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बताया जा रहा है जबकि दिल्ली के बाद दूसरे नंबर पर सबसे गर्म ग्रेटर नोएडा और नोएडा है।

प्रचंड गर्मी की वजह से लोग परेशान

दरअसल, नोएडा और ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक है। आलम यह है कि तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। प्रचंड गर्मी की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। गर्मी के साथ ही उमस का भी डबल अटैक दिल्ली एनसीआर के लोगों पर पड़ रहा है। उमस इस कदर है कि लोगों को कूलर और पंखे में राहत नहीं है। यही वजह है कि दिल्ली एनसीआर के मार्केट में एयर कंडीशनर खरीदने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है।

तीन दिनों का येलो अलर्ट जारी

यही नहीं दिल्ली एनसीआर में अगले तीन दिन बेहद गर्म रहने वाले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है। येलो अलर्ट बेहद गर्म दिन और उमस का है। 9 जून से लेकर 11 जून तक बेहद गर्म दिन रहने वाले हैं। लोगों को 9 जून से लेकर 11 जून तक सावधान रहने के लिए मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है।

3 दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा

मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों ने गर्मी को लेकर जानकारी दी है। वहीं उनके अनुसार 9 जून से लेकर 11 जून तक प्रचंड गर्मी रहेगी। अभी 3 दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून की रात से मौसम करवट लेगा और लगभग 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और इसी के साथ ही शुरू होगा बारिश का सिलसिला जो 12 जून से लेकर 14 जून तक जारी रहेगा।

12, 13 और 14 जून को धूल भरी हवाएं चलने के साथ ही बादल रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। उन्होंने यह भी बताया कि तीन दिन की बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट होगी जो तापमान अभी 45 डिग्री सेल्सियस को छू रहा है, यह गिरकर 43 डिग्री सेल्सियस या 42 डिग्री सेल्सियस तक आने का पूर्वानुमान है

Next Story