Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

राम मंदिर में ध्वजारोहण से पहले शुरू हुआ पांच दिवसीय अनुष्ठान, यज्ञ में होंगी 10 लाख आहूतियां

DeskNoida
22 Nov 2025 1:00 AM IST
राम मंदिर में ध्वजारोहण से पहले शुरू हुआ पांच दिवसीय अनुष्ठान, यज्ञ में होंगी 10 लाख आहूतियां
x
शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान की शुरुआत वैदिक विधि-विधानों के साथ की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और मंदिर के शिखर पर ध्वज अर्पित करेंगे।

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण से पहले धार्मिक माहौल बेहद आध्यात्मिक और उत्सव जैसा हो गया है। शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान की शुरुआत वैदिक विधि-विधानों के साथ की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और मंदिर के शिखर पर ध्वज अर्पित करेंगे।

सुबह शुभ मुहूर्त में यज्ञमंडप में पंचांग पूजन, गणपति पूजन और नवग्रह पूजन के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इसके बाद यज्ञ वेदी पूजन, यज्ञमंडप प्रवेश और आचार्य वरण की विधि पूरी की गई। वैदिक आचार्यों द्वारा चतुर्वेदों के मंत्रों के साथ कई दिव्य ग्रंथों का पारायण प्रारंभ हुआ। दोपहर में अरणि मंथन द्वारा अग्नि प्रज्वलित हुई और हवन की पहली आहुतियां डाली गईं।

अनुष्ठान वेद मूर्ति आचार्य चंद्र भानु शर्मा और उपाचार्य आचार्य रवीन्द्र पैठाढ़े के निर्देशन में सम्पन्न हो रहा है, जिसमें देशभर से आए वैदिक विद्वान शामिल हैं।

इसी दौरान रामलला के साथ परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों—शिव, दुर्गा, सूर्य, हनुमान, गणपति और अन्नपूर्णा माता—में भी विशेष पूजन किया गया। उपाचार्य आचार्य रवीन्द्र पैठाढ़े ने बताया कि ध्वजारोहण मंदिर निर्माण की पूर्णता का प्रतीक है। ध्वज का वैदिक मंत्रों से स्नान कराया जाएगा और फिर यजमान को इसे आरोहण के लिए सौंपा जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुल दस लाख आहूतियां इस विशेष यज्ञ में समर्पित की जाएंगी। इनमें से अकेले रामलला के मंत्रों से सवा लाख आहूतियां दी जाएंगी। शेष देवताओं के लिए भी निर्धारित संख्या के अनुसार आहुतियां दी जाएंगी।

पहले दिन के अनुष्ठान के बाद तीर्थ क्षेत्र न्यासी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि यज्ञकुंड में अग्नि देव का प्राकट्य हो चुका है और हवन विधि निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित संत, राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और प्रमुख उपस्थित रहे।

Next Story