
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- कर्नाटक में पांच बाघों...
कर्नाटक में पांच बाघों की मौत: मरी हुई गाय मिलने से जहर देने की आशंका बढ़ी

कर्नाटक के महादेश्वर हिल्स के हुग्यम वन क्षेत्र में शुक्रवार को एक मरी हुई गाय मिलने से यह संदेह और गहरा गया है कि बाघिन और उसके चार शावकों की मौत जहर खाने से हुई हो सकती है। इन पांचों बाघों के शव गुरुवार को वन विभाग की टीम को गश्त के दौरान मिले थे।
अधिकारियों ने बताया कि संभव है किसी ने गाय को जहर देकर जंगल में फेंक दिया हो या फिर गाय मरने के बाद उसके शरीर पर जहर लगाया गया हो, जिसे खाने से बाघिन और उसके बच्चे मारे गए।
कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंडरे ने भी इस आशंका को सही बताया। उन्होंने कहा कि किसी ने गाय को जहर दिया होगा, जिससे ये बड़ी बिल्लियां मरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और हर पहलू से जांच होगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बाघिन का पोस्टमॉर्टम गुरुवार को किया गया था, जबकि चार शावकों का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को चल रहा था।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार पांच सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने जांच के लिए शवों के सैंपल लिए हैं। खून, ऊतक और पेट के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
इस घटना के बाद वन विभाग ने पूरे हुग्यम इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। ड्रोन से नजर रखी जा रही है, इन्फ्रारेड कैमरे और GPS आधारित गश्त बढ़ाई गई है। सभी एंटी-पोचिंग कैंप को सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।
वन मंत्री ने बताया कि फंदे, जहर के चारे और जाल की तलाशी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी देने वालों के लिए इनाम की व्यवस्था भी की गई है।
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक में 563 बाघ हैं, जो मध्यप्रदेश के बाद देश में सबसे ज्यादा हैं।