
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ओम बिरला के खिलाफ...
ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नोटिस में मिलीं खामियां, संशोधन के निर्देश

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र जारी है। इस बीच विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश किया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में कुछ प्रमुख तकनीकी खामियां पाई गई हैं, जिसके बाद इसमें संशोधन के निर्देश दिए गए हैं।
गलत वर्ष का उल्लेख
नोटिस में सबसे बड़ी खामी यह थी कि इसमें वर्तमान वर्ष 2026 के बजाय 2025 का उल्लेख किया गया था। विपक्ष ने बजट सत्र की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए साल गलत लिख दिया था। बता दें कि इन कमियों को देखते हुए, लोकसभा सचिवालय ने नोटिस को त्रुटिपूर्ण माना। हालांकि, स्पीकर ओम बिरला ने सचिवालय को निर्देश दिया कि नोटिस को खारिज करने के बजाय उसमें सुधार करवाया जाए ताकि प्रक्रिया आगे बढ़ सके। सचिवालय के हस्तक्षेप के बाद, विपक्षी दलों ने तारीखों और वर्ष में सुधार करते हुए एक संशोधित नोटिस दोबारा जमा किया है।
प्रस्ताव का आधार
विपक्ष ने स्पीकर पर "पक्षपातपूर्ण व्यवहार" और विपक्ष के नेता को बोलने का मौका न देने का आरोप लगाया है। इस नोटिस पर कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के लगभग 118 से 120 सांसदों के हस्ताक्षर हैं।
अगली कार्रवाई
प्रस्ताव पर चर्चा बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन, यानी 9 मार्च 2026 को होने की संभावना है। प्रस्ताव आने के बाद ओम बिरला ने फैसला किया है कि जब तक इस पर निर्णय नहीं हो जाता, वे सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे।




