Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

UP के 17 जिलों में बाढ़ का कहर! CM योगी के आदेश पर 2.45 लाख लोगों को बाढ़ शरणालय पहुंचाया गया...

Aryan
28 Aug 2025 11:27 AM IST
UP के 17 जिलों में बाढ़ का कहर! CM योगी के आदेश पर 2.45 लाख लोगों को बाढ़ शरणालय पहुंचाया गया...
x
जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए अब तक 12,298 क्लोरीन टैबलेट और 4,422 ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से 17 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रभारी मंत्रियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया है कि वे लोग भी आगे बढ़कर बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता करें। CM योगी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यक्ति को बाढ़ से परेशानी न हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश की 37 तहसीलें और 688 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक 2,45,980 लोगों और 30,030 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। लगभग 27,061 हेक्टेयर एरिया बाढ़ प्रभावित है। राहत कार्यों के लिए 548 बोट और मोटरबोट चलायी गई हैं। कल भी 1,904 खाद्यान्न के पैकेट एवं 11,350 लंच पैकेट बांटे गए हैं।

प्रभावित इलाकों में शरणालय की व्यवस्था की गई

बाढ़ प्रभावित इलाकों में 996 चौकियां बनाई गई हैं, जो लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। 284 बाढ़ शरणालय की व्यवस्था की गई है, जहां करीब 4,500 लोग अस्थायी रूप से रह रहे हैं। उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए 626 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए अब तक 12,298 क्लोरीन टैबलेट और 4,422 ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं।

बाढ़ प्रभावित जिलों के नाम

बलिया, बहराइच, बदायूं, चंदौली, कानपुर नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मीरजापुर, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, उन्नाव, प्रयागराज और वाराणसी।


Next Story