
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राज्यसभा चुनाव में...
राज्यसभा चुनाव में राजद की करारी हार के बाद तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर उठे सवाल! लालू के करीबी नेता ने उठाया यह सवाल

पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। हालांकि इस चुनाव में राजद को करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं अब तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर सवाल खड़ा हो रहा है। लालू यादव और उनके परिवार के करीबी रहे शिवानंद तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को खूब खरी-खोटी सुनाई है। पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर तेजस्वी यादव को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने लिखा कि पराजय से ज्यादा बुरा है पराजय के उपरांत मैदान छोड़ देना। सुना है तेजस्वी कोलकाता के लिए निकल गए।
पहले भी तेजस्वी पर उठ चुके सवाल
शिवानंद तिवारी ने आगे लिखा कि इसके पूर्व विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी उन्होंने बिहार छोड़ दिया था। बीवी-बच्चों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यूरोप की यात्रा पर निकल गए थे। पराजय के बाद रण छोड़ देने वाले नेताओं के साथ उनके समर्थक नहीं टिकते हैं। बता दें कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भी महागठबंधन व राजद को करारी हार का सामना करना पड़ा था। हार के बाद तेजस्वी यादव एक महीने की छुट्टी मनाने के लिए परिवार को लेकर यूरोप घूमने चले गए थे। उस समय भी शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी की लीडरशिप पर कई गंभीर सवाल खड़े किए थे। शिवानंद ने तेजस्वी को मैदान छोड़ने वाला नेता बताया था।
एनडीए ने 5 सीटों पर की जीत हासिल
बता दें कि बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए ने जीत हासिल की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार विजयी घोषित किए गए। एक भी सीट महागठबंधन नहीं जीत सका।




