Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

गोवा के पूर्व सीएम रवि नाइक का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया

Aryan
15 Oct 2025 9:49 AM IST
गोवा के पूर्व सीएम रवि नाइक का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया
x
6 दिन के लिए गोवा के मुख्यमंत्री बने थे। 1998 में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने नॉर्थ गोवा सीट से संसदीय चुनाव भी जीता था।

नई दिल्ली। गोवा के पूर्व सीएम रवि नाइक का निधन हो गया है। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टर ने उपचार के बाद मृत घोषित किया। उनकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। उनकी मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दुख जताया है। वहीं गोवा के सीएम ने भी शोक व्यक्त किया है।

गोवा के कृषि मंत्री भी रहे थे रवि नाइक

रवि नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा के खड़पबंध स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। इस दौरान हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। रवि नायक गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। पीएम मोदी समेत गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

79 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली

रवि नाइक का घर गोवा की राजधानी पणजी से 30 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा, तो वो अपने घर पर ही थे। आनन-फानन में उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। मगर, रात को 1 बजे के आसपास 79 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।

दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

रवि नाइक के परिवार में कुल 7 सदस्य हैं। वो अपनी पत्नी, 2 बच्चे, 1 बहू और 3 पोते-पोतियों के साथ रहते थे। उनके निधन से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। आज दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पीएम ने दुःख जताया

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "गोवा सरकार में मंत्री रहे श्री रवि नाइक जी के निधन से दुःख हुआ। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा‌। वे दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।

6 दिन के लिए बने सीएम

रवि नाइक पोंडा विधानसभा से 7 बार विधायक रहे। उनका सियासी सफर काफी दिलचस्प रहा। 1984 में वो पहली बार महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के टिकट पर पोंडा से विधायक चुने गए। इसके बाद 1989 में वो मर्केम विधानसभा से चुनाव जीते। 1999, 2002, 2007 और 2017 में रवि नाइक कांग्रेस के टिकट पर पोंडा से चुनाव जीते और 2022 में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की। रवि नाइक 2 बार गोवा के मुख्यमंत्री बने। जनवरी 1991 से मई 1993 तक उन्होंने पहली बार राज्य का दारोमदार संभाला था। वहीं, दूसरी बार 1994 में वो 6 दिन के लिए गोवा के मुख्यमंत्री बने थे। 1998 में कांग्रेस के टिकट पर उन्होंने नॉर्थ गोवा सीट से संसदीय चुनाव भी जीता था।

Next Story