
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- झारखंड के पूर्व सीएम...
झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का आज निधन! सीएम हेमंत सोरेन ने कहा- आज मैं शून्य हो गया हूं, पीएम मोदी ने जताया शोक

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व सीएम और JMM के संस्थापक शिबू सोरेन का आज निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में 81 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वहीं यहां उनका काफी लंबे सम से इलाज चल रहा था। शिबू सोरेन के बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की है। सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा कि आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।
पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की तैयारी
बता दें कि शिबू सोरेन कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत JMM के कई नेता शिबू सोरेन के आखिरी वक्त में उनके साथ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शिबू सोरेन को उम्र संबंधित कई बीमारियां थीं। साथ ही, उन्हें रीनल यानी किडनी की भी बीमारी थी। वहीं वे 19 जून से गंगाराम अस्पताल में भर्ती थी। देखा जाए तो साल 2020 में राज्यसभा के लिए निर्वाचन हुआ था, उसके बाद से शिबू सोरेन राजनीति में खासा सक्रिय नहीं दिखे। हालांकि, वे लगातार झामुमो का मार्गदर्शन करते रहे।
वहीं शिबू सोरेन के निधन की खबर से झारखंड में शोक की लहर है। शिबू सोरेन लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की तैयारी चल रही है। शिबू सोरेन का जन्म 1942 में हुआ था। उनका पैतृक गांव रामगढ़ के नेमरा गांव है।
शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति
परिवारजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा कि हम सभी के लिए यह बहुत दुखद सूचना है। परिवारजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।