Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

जल्द ही खुलेगा गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा सुहाना, वाहनों को टोल पर नहीं पड़ेगा रुकना

Aryan
16 March 2026 4:30 PM IST
जल्द ही खुलेगा गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा सुहाना, वाहनों को टोल पर नहीं पड़ेगा रुकना
x
गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन के अलावा आपातकाल की स्थिति में लड़ाकू विमानों को भी उतारा जा सकेगा। इस एक्सप्रेसवे पर चार स्थानों पर लड़ाकू विमानों के उतरने के लिए हवाई पट्टियां भी बनाई जा रही हैं

मेरठ। प्रयागराज-मेरठ के बीच गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस बात की जानकारी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार ने मेरठ में निरीक्षण करने के बाद दी। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि एक्सप्रेसवे को शीघ्र ही आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। इस दौरान सीओ ने मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी और डीएम डॉ. वीके सिंह के साथ गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रगति के अलावा औद्योगिक गलियारा विस्तार और टोल प्लाजा का भी जायजा लिया।

खड़खड़ी टोल प्लाजा पर लगाए गए अशोक के पौधे

सीईओ ने खड़खड़ी टोल प्लाजा पर अशोक के पौधे भी लगाए। सीईओ ने जानकारी दी कि तीसरे चरण में केवल एक्सप्रेसवे की साइड की दीवार का थोड़ा सा काम बाकी है। यह काम भी एक माह के अंदर पूरा कर लिया जाएगा।

एक्सप्रेसवे का होगा विस्तार

बिजौली के निकट खड़खड़ी का टोल प्लाजा बन गया है, इसका परीक्षण भी किया जा चुका है। वहीं, छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे का विस्तार कर आठ लेन का किया जाएगा। जानकारी के माबिक, मेरठ से बदायूं तक के प्रथम सेक्टर में 130 किलोमीटर की लंबाई में 129 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है।

एक्सप्रेसवे पर होंगी चार हवाई पट्टियां

गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन के अलावा आपातकाल की स्थिति में लड़ाकू विमानों को भी उतारा जा सकेगा। इस एक्सप्रेसवे पर चार स्थानों पर लड़ाकू विमानों के उतरने के लिए हवाई पट्टियां बनाई जा रही हैं। इनमें से शाहजहांपुर के जलालाबाद में 3.5 किलोमीटर लंबी पट्टी तैयार कर दी गई है। एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार की सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटे रखी जाएगी। तीसरे चरण के अधूरे काम को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

टोल पर बिना रुके गुजरेंगे वाहन

जानकारी के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेसवे पर बिजौली के निकट खड़खड़ी के टोल प्लाजा पर वाहनों का प्रवेश बिना बैरियर के होगा। दरअसल इस अत्याधुनिक तकनीक के तहत वाहनों को टोल प्रवेश के लिए रुकना नहीं पड़ेगा।


Next Story