Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

गैस गीजर बना मौत की वजह! बुलंदशहर में बाथरूम में नहाते समय 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत

DeskNoida
15 Dec 2025 1:00 AM IST
गैस गीजर बना मौत की वजह! बुलंदशहर में बाथरूम में नहाते समय 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत
x
रविवार दोपहर नहाने के लिए बाथरूम में गई किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती तौर पर दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाथरूम में लगे गैस गीजर ने एक 15 वर्षीय किशोरी की जान ले ली। यह हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र के देवीपुरा प्रथम इलाके का है। रविवार दोपहर नहाने के लिए बाथरूम में गई किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती तौर पर दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

जानकारी के मुताबिक, मुकेश की 15 वर्षीय बेटी गरिमा रविवार दोपहर अपने घर में बाथरूम में नहाने गई थी। घर में गैस गीजर लगा हुआ था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब गरिमा बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। गरिमा बाथरूम के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी।

परिजनों ने तत्काल उसे संभालने की कोशिश की और आनन-फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि किशोरी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, गरिमा पढ़ाई में काफी होशियार थी और उसका स्वभाव बेहद शांत था। उसकी अचानक हुई मौत से मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। किशोरी की मौत के पीछे गैस गीजर से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया।

परिजनों की ओर से पोस्टमॉर्टम भी नहीं कराया गया और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस वजह से मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि बंद बाथरूम में गैस गीजर के इस्तेमाल से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जमा हो सकती है, जो बेहद खतरनाक होती है और बेहोशी या मौत का कारण बन सकती है।

इस तरह की घटना कोई पहली नहीं है। इससे पहले 7 दिसंबर को आगरा में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक शिक्षिका बाथरूम में नहाते समय गीजर से निकली गैस के कारण सांस लेने में दिक्कत से बेहोश हो गई थीं। काफी देर बाद होश में आने पर उन्हें सिर में तेज दर्द और चक्कर की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें निजी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराना पड़ा था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने गैस गीजर के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गीजर का इस्तेमाल करते समय बाथरूम में उचित वेंटिलेशन होना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, जैसा कि बुलंदशहर की इस घटना में देखने को मिला।

Next Story