Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अब ईरान से बाहर निकलो भारतीय भाइयों, यही मौका है...जानें सीजफायर के बाद भारतीय दूतावास ने क्या दी सलाह

Shilpi Narayan
8 April 2026 1:18 PM IST
अब ईरान से बाहर निकलो भारतीय भाइयों, यही मौका है...जानें सीजफायर के बाद भारतीय दूतावास ने क्या दी सलाह
x

नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद भारतीय दूतावास तेहरान ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की। इसमें ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को जल्दी से जल्दी देश छोड़ने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही दूतावास ने आपातकालीन और समन्वय के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इसमें कहा कि एडवाइजरी के संदर्भ में और हाल की घटनाओं को देखते हुए, ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को दूतावास के मार्गदर्शन और सुझाए गए मार्गों का पालन करते हुए जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की सख्त सलाह दी जाती है।

48 घंटे तक सुरक्षित रहने की पूर्व एडवाइजरी

इसके अलावा एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बिना दूतावास से पूर्व परामर्श किए जाने का कोई प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। इससे एक दिन पहले भारतीय दूतावास ने नागरिकों को पहले भी एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक अगले 48 घंटों तक अपने ठिकानों पर ही रहें। इस दौरान वे बिजली के उपकरणों, सैन्य प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहें। घर के अंदर ही रहें और राजमार्ग पर किसी भी तरह की यात्रा केवल दूतावास के सख्त निर्देश और समन्वय से ही करें।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद की निर्धारित की हुई समय-सीमा खत्म होने से करीब 90 मिनट पहले घोषणा की कि अमेरिका ने पाकिस्तान के प्रस्ताव पर ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्षविराम पर सहमति जताई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह घोषणा की। दूसरी ओर डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ईरानी सभ्यता को खत्म करने की ट्रंप की धमकी को लेकर उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बातचीत कर अनुरोध किया कि मैं आज रात ईरान के खिलाफ होने वाली विनाशकारी कार्रवाई को रोक दूं लेकिन इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित तरीके से खोलने पर सहमत हो।

Next Story