Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

खुशखबरी: जल्द ही मजलिस पार्क-मौजपुर और दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर दौड़ेगी मेट्रो

Shilpi Narayan
19 Feb 2026 7:00 PM IST
खुशखबरी: जल्द ही मजलिस पार्क-मौजपुर और दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर दौड़ेगी मेट्रो
x

नई दिल्ली। दिल्ली में रोजाना मेट्रो की सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करते हुए फेज-4 के तहत बन रहे पहले मेट्रो रिंग कॉरिडोर का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस चरण में मजलिस पार्क-मौजपुर और दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर पर जल्द ही मेट्रो ट्रेनें दौड़ती नजर आएंगी। दोनों कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की तैयारी है।

लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा

बता दें कि DMRC की ओर से इन दोनों रूट्स पर सभी जरूरी तकनीकी और सुरक्षा जांच लगभग पूरी कर ली गई है। जैसे ही औपचारिक उद्घाटन होगा, आम जनता के लिए मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। इससे उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं मजलिस पार्क मौजपुर कॉरिडोर उत्तर दिल्ली को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से जोड़ता है। इस रूट के शुरू होने से जहांगीरपुरी, वजीराबाद, भजनपुरा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को आसान और सस्ता सफर मिलेगा। वहीं दीपाली चौक मजलिस पार्क कॉरिडोर रोहिणी और पीतमपुरा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ता है।

दिल्ली में पहली बार मेट्रो रिंग कॉरिडोर तैयार होगा

इन दोनों रूट्स के जुड़ने से दिल्ली में पहली बार एक तरह का मेट्रो रिंग कॉरिडोर तैयार होगा, जिससे यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा संचालित दिल्ली मेट्रो देश की सबसे बड़ी और सबसे भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था है। अब तक फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के जरिए दिल्ली और एनसीआर के लाखों लोग रोजाना मेट्रो से सफर कर रहे हैं। फेज-4 का मकसद उन इलाकों को जोड़ना है, जहां अब तक मेट्रो की सीधी पहुंच नहीं थी।

लोगों का समय बचाने में काफी अहम भूमिका निभाएगा

वहीं फेज-4 के तहत बनने वाला मेट्रो कॉरिडोर ट्रैफिक जाम को कम करने, प्रदूषण घटाने और लोगों का समय बचाने में काफी अहम भूमिका निभाएगा। इसमें खास बात यह है कि मेट्रो के बढ़ते नेटवर्क से बसों और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। इन नए रूट्स के शुरू होने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, छात्र, महिलाएं और बुजुर्ग सभी को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को भीड़भाड़ वाली सड़कों पर घंटों फंसना नहीं पड़ेगा और कम खर्च में सुरक्षित और आसान सफर संभव होगा।

Next Story