
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- गुंडों-मजनू सावधान!...
गुंडों-मजनू सावधान! नवरात्र से महिलाओं पर बुरी नजर रखने वालों की खैर नहीं, एंटी रोमियो स्कवाड की फिर से तैनाती

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आने वाले नवरात्र को लेकर महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को समर्पित मिशन शक्ति के 5वें चरण के शुभारंभ का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में कहा है कि वर्ष 2020 से प्रारम्भ हुए इस अभियान से प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सशक्तिकरण की दिशा में अच्छे परिणाम मिले हैं। इस साल पांचवां चरण आगामी 22 सितम्बर से प्रारम्भ होगा जो कि 30 दिनों तक प्रदेश के हर हिस्से में सक्रिय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा में सकारात्मक बदलाव आए हैं। अब तक चार चरण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और इस नए चरण में सुरक्षा और जागरूकता पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। इस अभियान में विभागीय समन्वय के साथ व्यापक कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे। पुलिस बल की फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और पीआरवी 112 की गाड़ियां लगातार सड़कों पर सक्रिय रहेंगी। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर जनता से संवाद करने के बाद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
गुंडो के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री के दिए निर्देश के मुताबिक, नवरात्र और त्योहारों में विशेष सुरक्षा के इंतजाम किये जाएंगे। नवरात्र और अन्य पर्वों में मंदिरों, मेलों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी। एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक सक्रिय कर गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लेकिन कार्रवाई में संवेदनशीलता पर ध्यान रखना अनिवार्य होगा।
स्कूलों, कॉलेजों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
योगी सरकार के आदेशानुसार, स्कूलों, कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक जिले में महिला सुरक्षा से जुड़े संवाद और कॉन्फ्रेंस आयोजित किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक प्रतिष्ठान इसके केंद्र होंगे। छात्रों को लघु फिल्मों और कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पिंक बूथ स्थापित किया जाएगा
जानकारी के मुताबिक महिला हेल्पलाइन 1090 को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। सभी नगर निगमों में पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों पर 24×7 सहायता, काउंसलिंग, लीगल एड और फीडबैक जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।