
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- प्रेस कान्फ्रेंस में...
प्रेस कान्फ्रेंस में गोपाल राय बोले- खुलकर सामने आया सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग, अब भाजपा दे अपने षड्यंत्र का जवाब

नई दिल्ली। दिल्ली आबकारी नीति (शराब घोटाला) मामले में आज राऊज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, के. कविता और विजय नायर समेत सभी 23 आरोपियों को भ्रष्टाचार के मामले में डिस्चार्ज (बरी) कर दिया है। इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रेस कान्फ्रेंस की। जिसमें गोपाल राय बीजेपी पर जमकर बरसे।
गोपाल राय का बड़ा हमला
आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने इसे लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि छापे मारे गए, लेकिन एक रुपया तक नहीं मिला। बैंक खातों में एक रुपया नहीं मिला। जमीन-जायदाद के कागजों में एक रुपया नहीं मिला। पूरे देश में कार्रवाई की गई, लेकिन न मुख्यमंत्री के घर से कुछ मिला, न किसी आम आदमी पार्टी के नेता के यहां से फिर भी सबको उठाकर जेल में डाल दिया गया। आज के फैसले ने साफ कर दिया है कि किस तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार केवल एजेंसियों के इस्तेमाल और संविधान के दुरुपयोग के सहारे चल रही है। इस फैसले ने एक बड़ी उम्मीद जगाई है।
गुजरात में भी मैं वही स्थिति देख रहा हूं
उन्होंने कहा कि गुजरात में भी मैं वही स्थिति देख रहा हूं। चैतार बसावा को उठाकर फर्जी केस में डाल दिया जाता है। कभी किसानों को जेल में डाल दिया जाता है। हमारे बिदर के जिला अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। सूरत के नेताओं को उठा लिया गया। लगातार इसी तरह का षड्यंत्र भारतीय जनता पार्टी करती रही है।
मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि गुजरात में लोगों ने आपको 30 साल मौका दिया। अगर काम किया है तो काम के आधार पर चुनाव लड़िए। षड्यंत्र करके, विपक्ष के नेताओं को मुकदमों में फंसाकर, जेल में डालकर, डराकर-धमकाकर चुनाव मत लड़िए। आप इस देश में लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। इस लोकतंत्र की नींव लाखों लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी कुर्बानी देकर रखी है।
हम भाजपा के लोगों से कहना चाहते हैं कि आम आदमी पार्टी न डरने वाली है, न बिकने वाली है, न झुकने वाली है, न रुकने वाली है। हम हर विपरीत परिस्थिति में लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।




