Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी पर दादा हुए गदगद! बोले- मालूम था कि वे बवंडर बनकर आएंगे, लेकिन वे तो चक्रवात...

Shilpi Narayan
7 Feb 2026 2:00 PM IST
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी पर दादा हुए गदगद! बोले- मालूम था कि वे बवंडर बनकर आएंगे, लेकिन वे तो चक्रवात...
x

नई दिल्ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने परचम लहराया है। भारत की अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर विश्व कप अपने नाम कर लिया। लेकिन इसमें सबसे ज्यादा जिसकी चर्चा हो रही है वो है महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी जिन्होंने अपनी तूफानी पारी से पूरे देश और दुनिया को चकित कर दिया है। फाइनल मुकाबले में वैभव 80 गेंदों में 175 रनों की शानदार पारी खेली। सूर्यवंशी की इस तूफानी पारी पर उनके दादा उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि हमें मालूम था कि वे फाइनल मुकाबले में बवंडर बनकर आएंगे, लेकिन वे तो चक्रवात बन गए।

वैभव ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है

बता दें कि बिहार के समस्तीपुर में रहने वाले वैभव सूर्यवंशी के दादा उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यह बहुत खुशी का पल है। वैभव ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है। हालांकि, वे दोहरा शतक लगाने से चूक गए, लेकिन कोई बात नहीं, उन्होंने बहुत शानदार खेल दिखाया। उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी के बारे में कहा कि इससे बेहतर और क्या हो सकता है। हम शुरू से ही कह रहे थे कि वह फाइनल में शानदार खेलेगा। उन्होंने कहा कि 15 साल से कम उम्र का लड़का इतना शानदार खेल रहा है। उसने भले ही दोहरा शतक नहीं लगाया, लेकिन उसने सिर्फ 80 गेंदें खेलीं और 175 रन ठोक दिए। अगर दूसरे खिलाड़ियों का साथ मिलता तो और भी अच्छा खेलता।

मार्च के बाद वैभव सीनियर टीम का हिस्सा होंगे

टीम इंडिया की सीनियर टीम का जिक्र करते हुए वैभव सूर्यवंशी के दादा उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जल्द ही उसे भारतीय सीनियर टीम में लाना चाहिए। वह भारतीय जर्सी के लिए दरवाजा तोड़ने को तैयार है और बहुत जल्द ही वह दरवाजा टूट जाएगा। वैभव के दादा ने कहा कि मार्च के बाद वैभव सीनियर टीम का हिस्सा होंगे। इस दौरान उन्होंने एक पूर्व क्रिकेटर का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने उन्हें कमेंट्री पर सुना कि वे कह रहे थे कि यह 15 साल से कम उम्र का लड़का 100 मीटर के छक्के मार रहा है। इससे बढ़कर और क्या हो सकता है? यह बहुत गर्व की बात है। वैभव देहात का लड़का है और आज शिखर पर पहुंच रहा है। हम सभी उसकी सफलता को लेकर बेहद खुश हैं।

Next Story