
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- क्रीज पर रहना डिजर्व...
क्रीज पर रहना डिजर्व नहीं करते... तिलक वर्मा पर भड़के भारत के पूर्व खिलाड़ी, प्लेइंग 11 पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तिलक वर्मा ने अभी तक अपनी बल्लेबाजी से सिर्फ निराश किया है। उनकी अभी तक सबसे बड़ी पारी 31 रनों की आई है, जो नीदरलैंड के खिलाफ थी। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तिलक वर्मा के खराब शॉट चयन और उनके खेलने के तरीके पर कड़ी नाराजगी जताई है। 22 फरवरी 2026 को अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में भारत को 76 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा।
श्रीकांत ने तिलक वर्मा के प्लेइंग 11 में होने पर उठाए सवाल
अपने यूट्यूब चैनल पर कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने कहा, 'संजू सैमसन अगर प्लेइंग 11 में आए तो तिलक वर्मा की कोई जगह नहीं बनती। तिलक की वापसी को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। संभावना भी है कि जिस तरह उन्होंने आज शॉट खेला है, उसके बाद उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया जाए। ये शॉट काफी वाहियात था। इस तरह के शॉट के बाद तो वह क्रीज पर रहना डिजर्व नहीं करते थे।
सर्जरी के बाद की थी वापसी
तिलक वर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चोटिल हो गए थे, उनकी सर्जरी हुई और उन्होंने वापसी की। इंजरी से पहले तिलक अच्छी फॉर्म में थे, उन्होंने एशिया कप में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के जारी संस्करण में उनका बल्ला खामोश है।उन्होंने 5 मैचों में 107 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 118.88 का है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट होने के बाद तो हर कोई तिलक की आलोचना कर रहा है। वह आगे बढ़कर शॉट मारने गए, जिस पर गेंद बल्ले को छूकर विकेटकीपर के हाथों में गई। इसके बाद पूर्व खिलाड़ी कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने भी उनको लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।
भारत का अगला मैच कब?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत का अगला मैच गुरुवार, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के साथ है। ये मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।




