
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नशे की थी लत, थोड़ी सी...
नशे की थी लत, थोड़ी सी बात पर आया गुस्सा, सगे भाई ने बेटे के साथ मिलकर भाई की कर दी हत्या...

सहारनपुर। उत्तरप्रदेश के सहारनपुर से बड़ी दर्दनाक खबर आई है। दरअसल सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव बिसनौट में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां सगे भाई ने अपने ही पुत्र के साथ मिलकर अपने भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
रॉड से किया सिर पर लगातार वार
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 12 बजे मीनू अपने बेटे को किसी बात पर डांट रहा था। इसी दौरान उसका भाई सुभाष और भतीजा दीपांशु वहां पहुंच गए और बीच-बचाव करने लगे। लेकिन थोड़ी सी कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया और विवाद बढ़ गया। झगड़ा बढ़ने पर सुभाष और उसके बेटे दीपांशु ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठा ली और मीनू के सिर पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मीनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
आज यानी गुरुवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक के भाई ने मुकदमा दर्ज कराने की मांग की
इस मामले में मृतक के भाई सतीश ने थाने में तहरीर देकर सुभाष और दीपांशु के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मीनू शराब का आदी था
ग्रामीणों के अनुसार मीनू को शराब की लत थी और अक्सर नशे में रहता था। इसी कारण उसकी पत्नी भी कई साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिवार के पास करीब 15 बीघा जमीन है, जिसे ठेके पर देकर गुजारा चलता है।




