
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- मेरे लिए वो एक पिता...
मेरे लिए वो एक पिता समान थे... सलीम खान के लिए इमोशनल हुई सलमान की एक्स गर्लफ्रेंड! लिखा दिल भर आने वाला पोस्ट

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टर्स की टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलीम खान को वेंटिलेटर पर रखा गया है। पूरा खान परिवार लगातार अस्पताल के चक्कर लगा रहा है जबकि फैंस लगातार सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। इस बीच अब सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड व एक्ट्रेस सोमी अली ने सलीम खान के लिए एक पोस्ट किया है, इसमें उन्होंने सलीम खान को अपने पिता समान बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है।
मेरे लिए वो एक पिता समान थे
सोमी अली ने सलीम खान की सलमा खान और हेलन के साथ एक तस्वीर साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने एक लंबा इमोशनल नोट भी लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा कि यह सुनकर मेरा दिल बैठ गया कि सलीम खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमी अली ने आगे कहा कि पूरी दुनिया के लिए, वो एक बड़े और मशहूर राइटर हैं, जिन्होंने अमिताभ बच्चन जैसे सितारों को पहचान देने में मदद की और शोले जैसी शानदार फिल्में बनाई। मेरे लिए वो एक पिता समान थे।
मुझे बेटी की तरह प्यार मिला
उनके घर में रहते हुए, मुझे बेटी की तरह प्यार मिला, मुझे खाने पर साथ बैठाया गया, आस्था को लेकर चर्चाओं में मुझे शामिल किया गया, जहां सभी धर्मों का सम्मान और आदर किया जाता था। वहीं उन्होंने कहा कि उन्होंने मुझे सिखाया कि भगवान सिद्धांतों से कहीं बड़े हैं और कहानी सुनाते समय ड्रामा के पीछे हमेशा सच्चाई छिपी होनी चाहिए। उनकी प्रतिभा ने सिनेमाई इतिहास रचा। उनकी मानवता ने लोगों को प्रेरित किया।
जल्द ठीक होने की दुआ करती हूं
सोमी ने कहा कि मैं उनकी शक्ति और जल्द ठीक होने की दुआ करती हूं। वो मेरे लिए शब्दों से कहीं अधिक अहम हैं। बता दें कि सलीम खान को लीलावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सलीम खान को शरीर में सूजन की शिकायत थी।। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान समेत परिवार के सदस्य तुरंत अस्पताल पहुंचे। देर रात ऐसी खबरें आईं कि सलीम खान को वेंटिलेटर पर रखा गया है। परिवार के सदस्यों का लगातार अस्पताल पहुंचना जारी है। अब दिन के 11 बजे डॉक्टर्स सलीम खान का हेल्थ बुलेटिन जारी करेंगे। वहीं खबरें हैं कि सलमान खान की टीम भी एक स्टेटमेंट जारी कर सकती है।




