
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 16 राज्यों में भारी...
16 राज्यों में भारी बारिश, बस! दिल्ली से नजरें चुरा रहा है मानसून, जानें कब देगा राजधानी में दस्तक

नई दिल्ली। जल्द दिल्ली में भी मानसून की दस्तक होने वाली है। दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग की मानें तो अगले 36 घंटे के अंदर दिल्ली में मानसून आने का आसमानी माहौल बन रहा है। वहीं उत्तर-पश्चिम समेत 16 राज्यों में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।
16 राज्य में भारी बारिश हो रही है
देश के करीब 16 राज्यों में भारी बारिश हो रही है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं। इनके अलावा, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और ओडिशा व दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक भी शामिल है। मानसून के प्रभाव से पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। गुजरात के सूरत शहर में सोमवार से मंगलवार की सुबह तक 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई है और पूरा शहर दरिया में बदल गया है।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान और उत्तर-पश्चिम में बुधवार से भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अलग-अलग राज्यों के लिए यलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मंगलवार को मानसून ने हरियाणा और चंडीगढ़ में भी दस्तक दे दी। वहीं, उत्तर अरब सागर के शेष भागों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ और हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के शेष भागों को भी मानसून ने कवर कर लिया है। मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, आगरा, रामपुर, बिजनौर, करनाल और हलवारा से होकर गुजर रही है।
बारिश से कई राज्यों में जल भराव की समस्या
पिछले 24 घंटे के दौरान गुजरात क्षेत्र और कोंकण में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हुई है। सबसे बुरा हाल सूरत शहर में बना है। शहर को आने वाले दो राजमार्गों पर पानी भर गया है। निचले इलाकों में चार से पांच सोसाइटी भी जलमग्न हो गई हैं। राजस्थान में भी मानसून सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में राज्य में भारी बारिश हुई है। सबसे अधिक 180 मिमी बारिश बारां जिले के मांगरोल में दर्ज की गई। कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। 27 जून से पूर्वी राजस्थान में भी बारिश में वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की है।उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में पिछले दो दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में 30 जून तक भारी वर्षा की संभावना जताई है।
36 घंटों में दिल्ली पहुंचेगा मानसून
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में अगले 36 घंटे में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। साथ ही इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान पूरे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद जताई है। आईएमडी ने बताया कि देश के करीब 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं। इनके अलावा, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर और ओडिशा व दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक भी शामिल है। 30 जून तक बारिश जारी रहने की संभावना भी जताई है।