Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

भारी बारिश से मुंबई की स्पीड पर लगा ब्रेक! कई लोकल ट्रेनें प्रभावित, जलभराव के चलते लगे जाम से लोग परेशान

Aryan
19 Aug 2025 10:14 AM IST
भारी बारिश से मुंबई की स्पीड पर लगा ब्रेक! कई लोकल ट्रेनें प्रभावित, जलभराव के चलते लगे जाम से लोग परेशान
x
कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सुबह से ही यातायात बाधित रहा। लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई

मुंबई। मुंबई में हो रही बारिश से कई लोकल ट्रेन प्रभावित हुई है। बरसात से हुए जल भराव से मार्गो पर जाम लगा है। लोगों को जाम से होकर गुजरना पड़ रहा है। बरसात से मुंबई के निचले इलाकों में हालत खस्ता हो गई है। स्कूल और कॉलेज को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है।

निचले इलाकों में भारी जलभराव

मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश से राहत न मिलने की वजह से मंगलवार सुबह निचले इलाकों में भारी जलभराव देखा गया। कई जगहों पर लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी और कई जगहों पर यातायात जाम की स्थिति रही। बीते दिन स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए थे। भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की वजह से सड़क यातायात बुरे तरह प्रभावित हुए हैं। लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। मौसम की मार हवाई यातायात पर भी पड़ी है। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्वीट में लिखा, 'मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के कई मार्गों पर जलभराव और यातायात धीमा हो गया है। इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है।

आईएमडी की ओर से जारी 'रेड अलर्ट'

लगातार हो रही बारिश और आईएमडी की ओर से जारी 'रेड अलर्ट' की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय ने भारी बारिश के मद्देनजर महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। यह आदेश पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कॉलेजों पर लागू होता है। कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सुबह से ही यातायात बाधित रहा। लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाओं का मार्ग कुछ स्थानों पर परिवर्तित किया गया। बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई।

मुंबई में अधिक बारिश दर्ज की गई

मंगलवार सुबह 5 बजे से 6 बजे के बीच उपनगरों की तुलना में मुंबई में अधिक बारिश दर्ज की गई। मुंबई सेंट्रल, परेल, ग्रांट रोड, मालाबार हिल, दादर, वर्ली और कुछ अन्य इलाकों में केवल एक घंटे में 40 मिमी से 65 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जगहों पर जलभराव हो गया। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे के बीच द्वीपीय शहर, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 128.86 मिमी, 154.37 मिमी और 185.74 मिमी औसत वर्षा हुई।‌ भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 8.30 बजे से मंगलवार सुबह 5.30 बजे तक 21 घंटों में मुंबई के विक्रोली उपनगर में सबसे अधिक 194.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। ऐसे ही सांताक्रूज में 185 मिमी, जुहू में 173.5 मिमी, बायकुला में 167 मिमी और बांद्रा में 157 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Next Story