
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Himachal: भूस्खलन से...
Himachal: भूस्खलन से सैकड़ों मार्ग बंद, बिजली आपूर्ति ठप! 7 हजार मकान हुए क्षतिग्रस्त, कई जगहों पर येलो अलर्ट जारी...

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के बदलते तेवर से काफी दिक्कतें सामने आई हैं। प्रदेश में कई जगह भूस्खलन से अब तक भी सैकड़ों मार्ग बाधित और बिजली आपूर्ति ठप हैं। इस वजह से ग्रामीण इलाकों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिछली रात को कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है।
कहां कितनी बारिश हुई
ब्राह्मणी में 8.2, जोगिंद्रनगर 8.0, कांगड़ा 7.5, धर्मशाला 7.0, धौलाकुआं 6.5, नयना देवी 6.4, पालमपुर 6.0, बजौरा 6. व मंडी में 4.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।
अब तक मानसून में लगभग 7 हजार मकान क्षतिग्रस्त हुए
राज्य में बादल फटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्रत्येक साल भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन से तबाही होती है। पिछले 30 सालों में पहाड़ों पर बारिश में 200 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। अगर इस मानसून सीजन की बात करें तो अब तक कुल 4,15,627.46 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। 3 महीनों में 378 लोगों की अब तक जान जा चुकी है, वहीं 437 लोग जख्मी हुए हैं। जबकि 40 लोग अब तक लापता हैं।
सड़क हादसे में सैकड़ों लोगों की जान गई हैं। प्रदेश में अबतक 7,025 कच्चे-पक्के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जबकि 5,469 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। करीब 2 हजार पालतु पशुओं की भी जान गई है।
मौसम विभाग ने दिया- बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग शिमला के मुताबिक राज्य में मानसून इस तरह से कमजोर होगी, तो राज्य के कुछ भागों में 16 सितंबर तक बारिश होती रहेगी। बता दें, 10 ,12 और 16 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है। जबकि 13 से 15 सितंबर तक कई जगहों पर मध्यम बारिश के आसार हैं। 13 से14 सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। जिनमें हमीरपुर,कांगड़ा,ऊना और बिलासपुर जिला शामिल हैं।