Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

खौफनाक मंजर: अवैध शक में पति बना हैवान! तलवार से बुजुर्ग का रेता गला, निकाली आखें, अन्य 7 लोगों को भी किया जख्मी, जानें पूरा मामला

Aryan
2 April 2026 12:30 PM IST
खौफनाक मंजर: अवैध शक में पति बना हैवान! तलवार से बुजुर्ग का रेता गला, निकाली आखें, अन्य 7 लोगों को भी किया जख्मी, जानें पूरा मामला
x
सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है, कुछ की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सनसनी फैला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल यहां एक बुजुर्ग महिला की तलवार से वारकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बुजुर्ग महिला की आंखें भी निकाल ली। इसके साथ ही परिवार के सात लोगों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है। यह वारदात रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में हुई है।

पत्नी पर अवैध संबंध का शक था

दरअसल आरोपी पति सुरेश श्रीवास को शक था कि उसकी पत्नी का शेख सलीम नाम के युवक से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और पहले भी कई बार झगड़ा हुआ था।

चाकू निकालकर धमकी दी

जानकारी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले पीड़ित पक्ष समझौते के लिए सुरेश के घर पहुंचा था, लेकिन वहां विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान सुरेश के बेटे ने चाकू निकालकर धमकी दी थी। पीड़ित परिवार मदद के लिए थाने भी पहुंचा, लेकिन कथित तौर पर उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।

दो नाबालिग बेटों के साथ शेख सलीम के घर पहुंचा

फिर सुरेश श्रीवास अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा। उस समय सलीम घर पर मौजूद नहीं था। आरोपियों ने घर में घुसते ही बुजुर्ग महिला मुदाद बेगम (65) पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला का गला रेतने के साथ उसकी आंख भी निकाल ली।

अन्य सदस्यों पर भी किया हमला

हमले के दौरान जो भी सामने आया, आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। परिवार की अन्य महिलाएं और सदस्य बचाने पहुंचे तो उन पर भी चाकू और तलवार से हमला कर दिया गया। इस हमले में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम, सुहाना, परी परवीन, अलिशा परवीन, सना परवीन, साहिस्ता परवीन और शेख शब्बीर शामिल हैं।

तीनों आरोपियों ने खुद को किया सरेंडर

इस घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी खुद ही थाने पहुंच गए और सरेंडर कर दिया। वहीं, घायल परिजन भी उन्हें लेकर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने तत्काल सभी को अस्पताल भेजा और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी के कथित संबंध और तलाक को लेकर गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने बेटों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।



Next Story