Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पति को चरित्र पर शक था, बीच सड़क काट दी पत्नी की नाक – मध्य प्रदेश में शर्मनाक वारदात

DeskNoida
7 Oct 2025 1:00 AM IST
पति को चरित्र पर शक था, बीच सड़क काट दी पत्नी की नाक – मध्य प्रदेश में शर्मनाक वारदात
x
महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी पर हमला कर उसकी नाक काट दी और फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

यह घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के होटल फ्लाइन के सामने हुई, जब महिला किसी काम से तानसेन नगर स्थित लक्ष्मी डेयरी की ओर जा रही थी। तभी उसका पति पीछे से आ पहुंचा और बीच सड़क पर उसका रास्ता रोक लिया। पहले उसने महिला से गाली-गलौज की, फिर अचानक गुस्से में चाकू निकालकर उसकी नाक पर वार कर दिया। इससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। आरोपी वारदात के बाद उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।

पति पर चरित्र को लेकर शक

घायल महिला के मुताबिक, उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। रोज-रोज की कलह से परेशान होकर महिला अपनी बेटी के साथ अलग रह रही थी और चार शहर के नाका इलाके में किराए के कमरे में जीवन बिता रही थी। लेकिन आरोपी बार-बार उसे परेशान करने आता था।

महिला ने बताया कि वारदात के दिन भी जब उसने विरोध किया, तो उसके पति ने गुस्से में चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

ग्वालियर थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है।

यह घटना न केवल प्रदेश बल्कि समाज के लिए भी एक शर्मनाक उदाहरण बन गई है, जो घरेलू हिंसा और महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचारों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Next Story