
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बारिश की तबाही का...
बारिश की तबाही का खौफनाक मंजर, हिमाचल और जम्मू में त्राहिमाम की स्थिति...जनजीवन अस्त-व्यस्त एवं सार्वजनिक संपत्ति की क्षति

नई दिल्ली। मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार भारी बारिश से इतनी तबाही मची है कि लोगों का जीवन संकट में है। हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड और बाढ़ में मकान ढह जाने से अब तक 310 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, माता वैष्णो देवी मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड होने के बाद हालात काफी खराब बने हुए हैं। जम्मू के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड होने से 35 लोगों की मौत हो गई है। यातायात की सुविधाए भी बंद हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों में अभी बारिश का दौर नहीं थमेगा। जबकि दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मानसून ने काफी तबाही मचाई है, फिर भी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है।
लैंडस्लाइड को लेकर अलर्ट जारी
पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने की वजह से जम्मू जैसे इलाके में लैंडस्लाइडिंग और रास्ते बंद होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, बारिश के कारण थोड़ा तापमान भी कम होने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश की सड़कें बंद, 310 की मौत
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लगभग 530 सड़कों को बंद कर दिया गया है। वहां बिजली वितरण सेवा भी बाधित है। एसडीएमए ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन एवं बाढ़ की वजह से मकान ढहने से प्रदेश भर अब तक 310 लोगों की मौत हो गई है।
चंडीगढ़-कुल्लू हाईवे पर हजारों ट्रक फंसे
लैंडस्लाइड की सबसे अधिक असर कुल्लू पर पड़ा है। बता दें चंडीगढ़-कुल्लू हाईवे पर लैंडस्लाइड होने से हजारों ट्रक जाम में फंस गए हैं। इस वजह से फल और सब्जियां सड़ रही हैं। हालांकि छोटी गाड़ियों के लिए रास्ते तो खोल दिए गए हैं, लेकिन बड़ी गाड़ियां और ट्रक अभी भी जाम में फंसे हुए हैं। कुल्लू में सबसे ज्यादा सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जहां एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 166 सड़कें बंद हैं। इसके बाद मंडी में 216 सड़कें बंद हुईं।
बारिश की वजह से करोड़ों की क्षति
इस प्राकृतिक आपदा से लोगों की आजीविका को क्षति पहुंची है। जम्मू में जहां लैंडस्लाइड से भारी नुकसान की बात कही जा रही है, वहीं हिमाचल में कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान हुआ है।