
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- गैस सिलिंडर फटने से...
गैस सिलिंडर फटने से जमींदोज हुआ मकान, मलबे में दबने के कारण भाई-बहन की मौत, दो घायल

वाराणसी। वाराणसी जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से बड़े हादसे की खबर आई है। लहरतारा पुल के नजदीक की गली में गैस सिलिंडर में ब्लास्ट हो गया। इस घटना से मकान पूरे तरीके से जमींदोज हो गया। वहीं, दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान प्रीति और ओम कुमार चौधरी के रूप में की गई है।
सिलिंडर ब्लास्ट से गिरा मकान
आज यानी मंगलवार को लहरतारा में अचानक धमाका होने से पूरा इलाका कांप उठा। जब लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो एक मकान ध्वस्त हो चुका था। स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि सिलिंडर ब्लास्ट होने से मकान गिर गया। जिसमें चार लोग दब गए। मकान का मलबा हटाने के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गई। वहीं बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
भाई-बहन हुई मौत
इस घटना में भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। घायलों में अमन चौधरी और बुजुर्ग महिला गिरजा देवी हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
पहले से मकान जर्जर था
जानकारी मिलने के बाद एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन, एडीएम आलोक वर्मा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी नीतू कात्यायन ने जानकारी देते हुए बताया कि एक महिला गिरजा देवी अपने तीन बच्चों के साथ जर्जर मकान में रहती थीं। सुबह जब खाना बना रही थीं, तो इसी दौरान गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण ब्लास्ट हो गया। जिससे मकान गिर गया और इसमें तीनों बच्चों समेत गिरजा देवी दब गईं।




