
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- शक की आग में उजड़ा घर,...
शक की आग में उजड़ा घर, पति ने पत्नी की हत्या कर 6 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया; चार दिन बाद खुला राज

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेलघाट थाना क्षेत्र के बेईली कुंड स्थित बसही गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी के मायके पहुंचकर यह अफवाह फैला दी कि वह पैसे और मोबाइल लेकर घर से भाग गई है। चार दिन बाद जब सच्चाई सामने आई, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अर्जुन, जो पेशे से मजदूर है और लुधियाना में काम करता था, करीब 15 दिन पहले गांव लौटा था। उसकी शादी 25 जून 2023 को बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मदरिया गांव की रहने वाली 25 वर्षीय खुशबू से हुई थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं थी। खुशबू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि मायके में उसके दो नाबालिग भाई और एक छोटी बहन हैं।
पुलिस के अनुसार, अर्जुन को पत्नी के कथित अवैध संबंधों का शक था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उसने खुशबू के पास एक नया मोबाइल फोन देखा था। फोन को लेकर पूछताछ के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। मोबाइल पर आने वाली कॉल्स ने अर्जुन के शक को और गहरा कर दिया। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के पीछे करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें पत्नी का शव दफना दिया। इसके बाद वह ससुराल पहुंचा और यह झूठी कहानी गढ़ दी कि खुशबू तीन हजार रुपये और मोबाइल लेकर कहीं चली गई है। उसने मायके वालों से यह भी कहा कि अगर कहीं उसकी जानकारी मिले तो उसे सूचित करें।
इधर, बहू के अचानक लापता होने से अर्जुन की मां को बेटे पर शक हो गया। उसने पहले बेटे से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अपने पति श्याम नारायण को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गुरुवार को श्याम नारायण ने बेलघाट पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर के पीछे दफनाए गए स्थान की खुदाई कराई, जहां करीब छह फीट नीचे से खुशबू का शव बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में अर्जुन लगातार बयान बदलता रहा। पहले उसने कहा कि पत्नी घर छोड़कर चली गई है, फिर दावा किया कि उसने आत्महत्या कर ली थी और डर के कारण शव को राप्ती नदी में बहा दिया। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।
मामले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर घरेलू शक, अविश्वास और हिंसा के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जिसने एक युवती की जान ले ली और पूरे परिवार को तबाह कर दिया।




