Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

IMD: गर्मी से जल्द मिलेगी राहत! दिल्ली समेत देश के अधिकतर हिस्सों में इस दिन तक पहुंच सकता है मानसून

Divyanshi
13 Jun 2025 7:30 PM IST
IMD: गर्मी से जल्द मिलेगी राहत! दिल्ली समेत देश के अधिकतर हिस्सों में इस दिन तक पहुंच सकता है मानसून
x
मानसून के 19-25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है

नई दिल्ली। भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। दरअसल, भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सामान्य तिथि से काफी पहले दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर भागों में 25 जून तक मानसून के पहुंचने की उम्मीद है। बता दें कि मानसून 24 मई को केरल पहुंचा, जो 2009 के बाद से भारतीय धरती पर इतने पहले पहुंचा है। साल 2009 में यह 23 मई को केरल पहुंचा था।

दिल्ली कब तक पहुंचेगा मानसून?

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न-दबाव वाले मजबूत तंत्र के कारण मानसून अगले कुछ दिन में तेजी से बढ़ा और 29 मई तक मुंबई सहित मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और पूरे पूर्वोत्तर तक पहुंच गया। हालांकि, यह 28-29 मई से 10-11 जून तक रुका रहा और फिर से सक्रिय हो गया। जून की शुरुआत से बारिश की कमी के चलते तापमान में तेज वृद्धि हुई, जिससे 8-9 जून से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी हो गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, अब मानसून 18 जून तक मध्य और पूर्वी भारत के बाकी हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में पहुंच जाएगा। वहीं, मानसून के 19-25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही, मानसून के 27 जून की सामान्य शुरुआत की तारीख से पहले 22-23 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

इन राज्यों में सामान्य से ज्यादा बारिश

बता दें कि लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के आस-पास के इलाकों, पूर्वोत्तर और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। लेकिन पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ अलग-अलग इलाकों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा सकती है।

Next Story