Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार ने लिया अहम फैसला! गाड़ियों पर लगने वाला ग्रीन टैक्स अब होगा दोगुना

Shilpi Narayan
7 March 2026 7:00 PM IST
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार ने लिया अहम फैसला! गाड़ियों पर लगने वाला ग्रीन टैक्स अब होगा दोगुना
x

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राज्य सरकार नए कदम उठाती है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने अपने बजट में पुरानी गाड़ियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार के अनुसार, पुरानी प्राइवेट गाड़ियों पर लगने वाले ग्रीन टैक्स को अब दोगुना कर दिया जाएगा। दरअसल, सरकार का कहना है कि इसके पीछे का इरादा यह है कि प्रदूषण को कम कर दिया जाए।

टैक्स में दी जाएगी खास छूट

सरकार का कहना है कि जो गाड़ियां ज्यादा पुरानी होती हैं, वो नई गाड़ियों की तुलना में ज्यादा धुआं छोड़ती हैं। वहीं ऐसे में इन पुरानी गाड़ियों के इस्तेमाल को कम करना बेहद जरूरी है। इतना ही नहीं महाराष्ट्र सरकार ने बजट में यह भी कहा है कि जो लोग अपनी पुरानी गाड़ी को स्क्रैप करके नई गाड़ी खरीदेंगे, उन्हें टैक्स में खास छूट दी जाएगी।

पुरानी गाड़ियों पर ग्रीन टैक्स दोगुना

बजट में खासतौर पर उन निजी वाहनों को निशाना बनाया गया है जो BS-4 या उससे पुराने उत्सर्जन मानकों पर आधारित हैं। ऐसे वाहनों से ज्यादा प्रदूषण फैलने का डर रहता है, इसलिए इन पर ग्रीन टैक्स बढ़ाकर लोगों को नई और कम प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अगर कोई शख्स BS-4 या उससे नई श्रेणी की पुरानी गाड़ी स्क्रैप करता है तो नई गाड़ी खरीदते समय करीब 16 फीसदी तक टैक्स में छूट मिल सकती है। वहीं BS-3 या उससे पुरानी गाड़ी को स्क्रैप करने पर करीब 30 फीसदी तक की राहत मिलने की बात कही गई है। सरकार का मानना है कि पुरानी गाड़ी स्क्रैप करने पर लोगों को आर्थिक फायदा भी मिलेगा और सड़कों पर कम प्रदूषण वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ सकती है।

सरकार का कहना है कि इस फैसले का असर ऑटोमोबाइल सेक्टर पर भी देखने को मिलेगा. जब लोग पुरानी गाड़ियां स्क्रैप करके नई गाड़ियां खरीदेंगे, तो ऑटो इंडस्ट्री में गाड़ियों की बिक्री खुद-ब-खुद बढ़ जाएगी।

Next Story