
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- यूपी में मायावती के...
यूपी में मायावती के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर इनकम टैक्स का छापा, जानें क्या है मामला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ और बलिया स्थित ठिकानों पर आज आयकर विभाग ने छापेमारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुटे हैं। बता दें कि सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए की जा रही है छापेमारी
आयकर विभाग की टीमों ने विधायक के लखनऊ (गोमतीनगर) स्थित आवास और कार्यालय के साथ-साथ बलिया (रसड़ा/खनवर) स्थित उनके घर और प्लांट पर एक साथ दस्तक दी है। लखनऊ स्थित आवास पर करीब 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ सुबह 7 बजे पहुंची। जांच के दौरान परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया और किसी के भी अंदर-बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। अभी तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए की जा रही है। टीम डिजिटल डिवाइसों और फाइलों को खंगाल रही है।
कैंसर से पीड़ित हैं उमाशंकर
रिपोर्टों के अनुसार, विधायक उमाशंकर सिंह वर्तमान में कैंसर से पीड़ित हैं और हाल ही में उनके दो ऑपरेशन हुए हैं। वे लखनऊ के आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे थे। छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्सों के आवागमन पर भी अस्थायी प्रतिबंध की खबरें आई हैं।
रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं उमाशंकर
उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्तमान उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के एकमात्र प्रतिनिधि हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।




