
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ट्रंप के सलाहकार पीटर...
ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो को भारत ने दिया करारा जवाब, ‘ब्राह्मण’ वाली टिप्पणी पर कहा ऐसे भ्रामक बयानों से करें परहेज...

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो की हाल ही में ब्राह्मणों को लेकर की गई टिप्पणी पर भारत में बवाल हो गया है। नवारो ने हाल ही में आरोप लगाते हुए कहा कि ब्राह्मण, भारतीयों की कीमत पर मुनाफा कमा रहे हैं। वहीं आज भारत सरकार ने व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो की टिप्पणियों को पूरी तरह से गलत और भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि भारत और अमेरिका के रिश्ते गहरे हैं। ऐसे बयानों से दोनों के रिश्ते को प्रभावित नहीं किया जा सकता है। इसके अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को गुप्त पत्र भेजने वाली बात को भी गलत करार दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉफ्रेंस में साफ कहा है कि नवारो के ये बयान तथ्यहीन हैं और भारत इन्हें स्पष्ट रूप से अस्वीकार करता है।
भारत और अमेरिका व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। यह साझेदारी साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर टिका हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों का रिश्ता कई बदलावों और चुनौतियों से गुजरा चुका है। लेकिन हमेशा मजबूती से खड़ा रहा है। भारत हमेशा से साझेदारी आपसी सम्मान एवं एक दूसरे के हितों के आधार पर आगे बढ़ना चाहता है।
यूक्रेन संघर्ष पर भी जायसवाल ने शांति प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारत की चाहत सभी पक्षों में रचनात्मक तरीके से बढ़ने का है। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है। संघर्ष का अतिशीघ्र अंत हो और यूक्रेन में स्थायी शांति स्थापित हो।
नवारो का बयान था
दरअसल, नवारो ने यह आरोप लगाया था कि रूस से रियायती दामों पर तेल खरीदने के मामले में ब्राह्मण भारतीय जनता की कीमत पर मुनाफाखोरी कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में व्यापार सलाहकार रहे पीटर नवारो ने पिछले महीने एक इंटरव्यू में विवादित बयान दिया था। उन्होंने भारत के बढ़ते रूसी तेल आयात पर सवाल उठाए थे।
भारत की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए थे
पीटर नवारो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के बावजूद भारत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ करीबी रिश्ते क्यों बनाए हुए हैं। नवारो ने पीएम मोदी को लेकर कहा था एक बड़े नेता हैं, लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि वे पुतिन और शी जिनपिंग से इतनी नजदीकी क्यों रख रहे हैं। मैं भारत के लोगों से कहना चाहता हूं कि वे इस स्थिति को समझें, क्योंकि ब्राह्मण आम भारतीयों के नुकसान पर मुनाफा कमा रहे हैं और इसे रोकने की जरूरत है।