Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

जंग से उपजे संकट के बीच भारत तेजी से कर रहा है विकास... पीएम मोदी ने आम जनता से इस तरह से कराया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन

Anjali Tyagi
28 March 2026 1:03 PM IST
जंग से उपजे संकट के बीच भारत तेजी से कर रहा है विकास... पीएम मोदी ने आम जनता से इस तरह से कराया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन
x
पीएम मोदी ने जंग से हो रहे संकट पर कहा कि सरकार हर संभव कदम उठा रही है ताकि इस संकट का बोझ आम जनता पर न पड़े

नोएडा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ मौजूद रहे। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया जंग से पूरी दुनिया एक महीने से परेशान है। भारत भी इस संकट से अछूता नहीं है लेकिन संकट के इस समय में भी भारत तेजी से विकास कर रहा है। सरकार इस कोशिश में लगी है कि देश के सामान्य परिवारों पर जंग के संकट का असर ना पड़े। संकट से निपटने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। खासकर किसान परिवारों का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। वहीं पीएम मोदी ने आम जनता से मोबाइल की लाइट जलवाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करवाया।

क्या बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- आज हम 'विकसित यूपी, विकसित भारत' अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। आज देश का सबसे बड़ा राज्य सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला राज्य बन गया है। आज मुझे दो बातों पर गर्व और खुशी है। एक तो यह कि आप सभी ने मुझे इस हवाई अड्डे के निर्माण की नींव रखने का सौभाग्य दिया है, और आप सभी ने ही मुझे इस हवाई अड्डे का उद्घाटन करने का सौभाग्य दिया है। लेकिन मैंने यह सौभाग्य आप सभी के साथ साझा किया और इसे आप ही के माध्यम से संभव बनाया। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे अपना सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ-साथ इस भव्य हवाई अड्डे का नाम भी जुड़ गया है।

सरकार हर संभव कदम उठा रही है

PM मोदी ने कहा- पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से युद्ध जारी है। कई देशों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल, उर्वरक और अन्य जरूरी सामान की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं। हर देश इस संकट से निपटने की कोशिश कर रहा है। हमारा भारत भी इस स्थिति से प्रभावित है। भारत बहुत सारा कच्चा तेल उन क्षेत्रों से आयात करता है, जो इस संघर्ष से प्रभावित हैं। इसलिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है ताकि इस संकट का बोझ आम जनता पर न पड़े।

देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक साधारण सुविधा नहीं होती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक साधारण सुविधा नहीं होती, बल्कि यह प्रगति को नई उड़ान भी देता है। साल 2014 से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, लेकिन आज उनकी संख्या 160 से भी ज्यादा हो चुकी है। अब हवाई कनेक्टिविटी केवल महानगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी पहुंच रही है। पहली की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे सामान्य भारतीयों के लिए भी आसान और सुलभ बना दिया है।

मुझे भी डराने की कोशिश की गई और कहा गया, नोएडा मत जाइए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। पहले की सरकारें कुर्सी जाने के डर से यहां आने से भी डरती थीं। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई और कहा गया, नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं। लेकिन मैंने कहा कि मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है और यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने सपा पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट सिर्फ फाइलों में ही दबी रही। तब सपा सरकार ने इस परियोजना को आगे बढ़ने नहीं दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा की सरकार बनी, इसका शिलान्यास हुआ और अब यह एयरपोर्ट पूरी तरह चालू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले सपा सरकार में नोएडा को सिर्फ उनकी लूट का एटीएम बना लिया गया था। लेकिन आज भाजपा की सरकार में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।

उत्तर प्रदेश अब सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाले राज्यों में से एक बन गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा प्रदेश अब सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाले राज्यों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि आज उनके लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला, उन्हें इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य मिला था और अब इसे उद्घाटन करने का भी सौभाग्य मिला है। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें अपना प्रतिनिधि और सांसद बनाया, उसी उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम जुड़ गया है।

यूपी को नई ऊंचाई देगा जेवर एयरपोर्ट - सीएम योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ग्लोबल कनेक्टिविटी का केंद्र बना देगा। इसकी वजह पूरा देश जुड़ जाएगा। यह प्रदेश को विकास की नई ऊंचाई तक ले जाने का काम करेगा।


Next Story