
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- 'इंडियन आइडल 3' के...
'इंडियन आइडल 3' के विनर प्रशांत तमांग का हार्ट अटैक से निधन, 43 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

नई दिल्ली। इंडियन आइडल 3 के विनर रहे प्रशांत तमांग का आज यानी रविवार को निधन हो गया। प्रशांत तमांग ने 43 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।
हार्ट अटैक की वजह से हुआ निधन
प्रशांत तमांग का हार्ट अटैक की वजह से अपने दिल्ली के जनकपुरी स्थित घर में निधन हुआ। जानकारी के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक के बाद द्वारका के हॉस्पिटल में ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अरुणाचल प्रदेश में एक प्रोग्राम पूरा करने के बाद वो अपनी मौत से कुछ समय पहले ही दिल्ली लौटे थे। अटैक आने से पहले उन्हें हेल्थ रिलेटेड कोई परेशानी नहीं थी।
प्रशांत तमांग का जीवन
बता दें कि प्रशांत का जन्म 4 जनवरी 1983 में हुआ था। प्रशांत ने किशोरावस्था में ही पिता को खो दिया था। 18 साल की उम्र में प्रशांत तमांग को कोलकाता पुलिस फोर्स में उनके पिता की नौकरी मिल गई। पिता के जाने के बाद मां और बहन को पालने की जिम्मेदारी उन्हीं पर आ गई थी। उसी दौरान उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 3' में हिस्सा लिया था।
इंडियन आइडल ने बदली थी जिंदगी
2007 में प्रशांत ने इंडियन आइडल 3 के लिए ऑडिशन दिया था, इस ऑडिशन ने उनकी जिंदगी बदल दी। वो इस शो के विनर बने और घर-घर में पहचाने जाने लगे। इंडियन आइडल जीतने के बाद तमांग ने अपना एल्बम धन्यवाद रिलीज किया।
फिल्म बैटल ऑफ गलवान में नजर आएंगे प्रशांत
इसी के साथ उन्होंने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। 2010 में नेपाली हिट फिल्म गोरखा पलटन से डेब्यू किया। उन्होंने पाताल लोक 2 में भी काम किया। उनके रोल को फैंस ने बहुत पसंद किया। बता दें कि अब वो सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान में नजर आएंगे।




