Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

गोवा से इंदौर आ रही IndiGo की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 140 यात्रियों के साथ आपात लैंडिंग

DeskNoida
22 July 2025 1:00 AM IST
गोवा से इंदौर आ रही IndiGo की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 140 यात्रियों के साथ आपात लैंडिंग
x
उड़ान के दौरान विमान को अंडरकारेज अलर्ट मिला, जिससे यह संदेह हुआ कि लैंडिंग गियर में कोई तकनीकी समस्या हो सकती है। एहतियात के तौर पर विमान को करीब 25 मिनट तक हवा में रोका गया और फिर आपातकालीन प्रक्रियाओं के तहत सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

सोमवार शाम को गोवा से इंदौर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (संख्या 6E 813) को तकनीकी गड़बड़ी के चलते इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में करीब 140 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

एयरपोर्ट निदेशक विपिनकांत सेठ ने जानकारी दी कि उड़ान के दौरान विमान को अंडरकारेज अलर्ट मिला, जिससे यह संदेह हुआ कि लैंडिंग गियर में कोई तकनीकी समस्या हो सकती है। एहतियात के तौर पर विमान को करीब 25 मिनट तक हवा में रोका गया और फिर आपातकालीन प्रक्रियाओं के तहत सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही अंडरकारेज से जुड़ी चेतावनी मिली, एयरपोर्ट पर 'फुल इमरजेंसी' की घोषणा कर दी गई। मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार दमकल और चिकित्सा टीमों को तत्काल तैनात किया गया।

विमान ने शाम करीब 5:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग की, जबकि इसका निर्धारित समय 4:50 बजे था। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट से इंदौर आ रही फ्लाइट को लैंडिंग से कुछ समय पहले तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा था।

एयरलाइन ने कहा कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो चुकी है और अब उसे आवश्यक निरीक्षण और जांच के बाद ही दोबारा सेवा में लगाया जाएगा। साथ ही यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

एयरलाइन प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा ही इंडिगो की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Next Story