Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

मुंबई से कानपुर फ्लाइट में 32 मिनट तक नहीं खुले दरवाजे, यात्रियों में मची अफरातफरी

DeskNoida
25 Oct 2025 9:59 PM IST
मुंबई से कानपुर फ्लाइट में 32 मिनट तक नहीं खुले दरवाजे, यात्रियों में मची अफरातफरी
x
फ्लाइट लगभग आधे घंटे विलंब से मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद कानपुर पहुंची, लेकिन लैंडिंग के 32 मिनट तक गेट नहीं खुले।

मुंबई से कानपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-824 में शनिवार को यात्रियों के लिए डरावना अनुभव हुआ। फ्लाइट लगभग आधे घंटे विलंब से मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद कानपुर पहुंची, लेकिन लैंडिंग के 32 मिनट तक गेट नहीं खुले। इससे विमान में बैठे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट का कानपुर पहुंचने का तय समय 3:20 बजे था, लेकिन देरी के कारण यह 3:46 बजे एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से सिग्नल नहीं मिलने के कारण फ्लाइट को लैंडिंग से पहले हवा में दो चक्कर लगाने पड़े। गेट न खुलने की स्थिति में बच्चे और अन्य यात्री विशेष रूप से परेशान रहे।

एयर होस्टेस ने तकनीकी खराबी की जानकारी दी और यात्रियों से धीरज रखने का अनुरोध किया। विमान के भीतर ही यात्रियों ने चहल-कदमी की और बेचैनी जताई। बाद में इंडिगो की तकनीकी टीम ने जांच की, जिसमें पता चला कि बैटरी डिस्चार्ज होने की वजह से गेट नहीं खुल पाया। बैटरी चार्ज करने के बाद गेट लगभग 32 मिनट बाद खुला और 4:42 बजे यात्रियों ने बाहर निकलकर राहत की सांस ली।

इस घटना के बाद, कानपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी डेढ़ घंटे विलंब से उड़ान भर सकी। यात्रियों ने बताया कि हाल के दिनों में बढ़ती विमान हादसों की खबरों के कारण सभी डरे हुए थे।

एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने बताया कि नए पदस्थ अधिकारी पदभार ग्रहण कर रहे हैं, इसलिए मामले पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया सीमित है।

Next Story