Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

IPL 2026 : सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को बनाया कप्तान! अभिषेक को दी बड़ी जिम्मेदारी, जानें पैट कमिंस क्यों हुए बाहर

Shilpi Narayan
18 March 2026 10:30 PM IST
IPL 2026 : सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को बनाया कप्तान! अभिषेक को दी बड़ी जिम्मेदारी, जानें पैट कमिंस क्यों हुए बाहर
x

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का आगाज होने में महज कुछ ही दिन का समय रह गया है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, प्रबंधन ने कप्तानी में बदलाव किया है। टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण कुछ मैचों में अनुपलब्ध रहेंगे। इस वजह से ईशान किशन को टीम की अगुवाई का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया है।

कमिंस कुछ मैच से रहेंगे बाहर

बता दें कि कमिंस ने दिसंबर 2025 में एडिलेड में खेले गए तीसरे एशेज टेस्ट के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद उन्हें पीठ के निचले हिस्से में लम्बर बोन स्ट्रेस इंजरी हो गई थी, जिसके चलते उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा। इसी चोट के कारण वह एशेज सीरीज के बाकी मुकाबलों और आईसीसी टी20 विश्व कप से भी बाहर हो गए थे। अब वह आईपीएल के कुछ मुकाबलों में भी अनुपलब्ध रहेंगे।

ईशान किशन को कप्तानी का दी जिम्मेदारी

कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम प्रबंधन ने ईशान किशन को कप्तानी का जिम्मेदारी दी है। जब तक कमिंस टीम से नहीं जुड़ते किशन ही नेतृत्व करते नजर आएंगे। इस दौरान अभिषेक शर्मा उप-कप्तानी करते दिखेंगे। ईशान किशन आईपीएल 2025 से सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा हैं। उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया था, जिससे उनकी कप्तानी क्षमता भी सामने आई है।

दोनों खिलाड़ियों ने टी20 विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन

बता दें कि दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में टी20 विश्व कप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। ईशान किशन ने टूर्नामेंट के दौरान तीन अर्धशतक लगाए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 18 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा था। भारत ने वह मुकाबला 96 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया था।

Next Story