
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ईरानी हथियार डालें या...
ईरानी हथियार डालें या मरने को तैयार रहें, मिडिल ईस्ट युद्ध के 7वें दिन ट्रंप ने दी खुली चेतावनी! राजनयिकों से की यह अपील...

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध अब अपने सबसे भीषण दौर में पहुंच गई है। आज संघर्ष के सातवें दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सेना, पुलिस और रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) को सीधे तौर पर अंतिम चेतावनी जारी की है।
सुरक्षा बलों को आत्मसमर्पण करने की दी चेतावनी
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिए एक बयान में ईरानी सुरक्षा बलों से तुरंत आत्मसमर्पण करने को कहा है। ट्रंप ने साफ लफ्जों में कहा कि अगर ईरानी सेना ने हथियार नहीं डाले, तो उनकी मौत तय है।
ट्रंप ने ईरानी राजनयिकों से अपील की
ट्रंप ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो उनकी मौत तय है। इतना ही नहीं ट्रंप ने ईरान में सत्ता को लेकर भी अपना सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में आएंगे, उनके लिए अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि वो ईरान अमेरिका या उसके पड़ोसियों के लिए खतरा न बन पाए। इसके साथ ही ट्रंप ने ईरानी राजनयिकों से अपील की कि वे दुनिया भर में शरण लेने का विकल्प अपनाएं और अमेरिका के सहयोग से ईरान को नई दिशा और बेहतर भविष्य देने में मदद करें।
मिसाइल और ड्रोन क्षमता पर बड़ा हमला
इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी और इस्राइली सेनाओं के हमलों का विवरण भी दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका हर घंटे ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता को नष्ट कर रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना के 24 जहाज तीन दिनों में नष्ट हो गए हैं, उनके सभी विमान और वायु रक्षा प्रणाली भी अब काम नहीं कर रही हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेता समझ नहीं पा रहे कि उनके ऊपर क्या हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान शांति के लिए बातचीत करना चाहता है, लेकिन अमेरिका अब और अधिक हमले करने के लिए तैयार है।
मोजतबा खामेनेई को लेकर बताई मंशा
इससे पहले ट्रंप ने ईरान की सत्ता को लेकर अपनी मंशा साफ कर दी थी। उनके बयान से साफ नजर आया कि वो ईरानी नेतृत्व के चयन में अपनी भूमिका चाहते हैं। इसको लेकर ट्रंप ने कहा कि ईरान के अगले नेता के चयन में उनकी भी भूमिका होनी चाहिए। ट्रंप ने साफ कहा कि अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता बनाया जाना उन्हें स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अगर पुराने सिस्टम से जुड़े कठोर विचार वाले नेताओं को ही आगे लाया गया तो हालात और खराब हो सकते हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल होना चाहिए ताकि ईरान में ऐसा नेतृत्व सामने आए जो क्षेत्र में तनाव कम कर सके और शांति का रास्ता अपनाए।




