Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने ट्रंप के दावों को किया खारिज, कहा- मुआवजा दो वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो...

Aryan
16 March 2026 11:46 AM IST
ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने ट्रंप के दावों को किया खारिज, कहा- मुआवजा दो वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो...
x
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ युद्धविराम करना नहीं चाहता है

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि ईरान के खिलाफ जारी जंग अब आखिरी दौर में है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब पलटवार करने की हिम्मत ही नहीं बची है। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची अमेरिका और इजराइल के सामने घुटने टेकने को तैयार नहीं हैं।

मोजतबा खामेनेई ने दिया बयान

मोजतबा खामेनेई ने देश को हुए नुकसान को लेकर दुश्मन देशों से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि हम दुश्मन से हर्जाना लेकर रहेंगे। यदि उसने इनकार कर दिया तो हम उसकी संपत्ति अपन हिसाब से जब्त कर लेंगे। यदि ऐसा भी मुमकिन नहीं हुआ, तो हम उसकी उतनी संपत्ति को तबाह कर देंगे। बता दें कि खामेनेई ने अपने टेलीग्राम पोस्ट पर यह बयान दिया है। इससे पहले उन्होंने अपने संदेश में लगातार संघर्ष करने की बात की है।

बदला लेने की खाई कसम

जानकारी के अनुसार, एक लिखित संदेश में मोजतबा खामेनेई ने जंग में मारे गए लोगों का बदला लेने की कसम खाई है। उन्होंने साफ कहा कि तेहरान अपने शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा। सूत्रों के मुताबिक, ईरान जरूरत पड़ने पर दूसरे मोर्चे भी खोल सकता है। ईरान अपने पड़ोसी देशों से अच्छे रिश्ते चाहता है। वह केवल उन्हीं ठिकानों पर हमला करेगा जहां से उस पर हमले किए जाते हैं।

अमेरिका के साथ युद्धविराम मांग नहीं

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ युद्धविराम करना नहीं चाहता है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान ने कभी जंग रोकने की कोशिश नहीं की। हम तब तक अपनी रक्षा करेंगे जब तक जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि ईरान का सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक ट्रंप को यह समझ नहीं आता कि यह एक अवैध युद्ध है।

Next Story