Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाकर जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास! शमी पर भारी पड़ी आकिब नबी की गेंदबाजी

Shilpi Narayan
18 Feb 2026 1:20 PM IST
पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाकर जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास! शमी पर भारी पड़ी आकिब नबी की गेंदबाजी
x

नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी में भारतीय खिलाड़ियों ने नया कीर्तिमान रचा है। वहीं इस दौर में जम्मू-कश्मीर ने इतिहास रचते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है। जम्मू-कश्मीर ने सेमीफाइनल मुकाबले में स्टार खिलाड़ियों से सजी बंगाल को हराकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। चौथी पारी में 126 रन का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर ने 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के असली हीरो रहे आकिब नबी, जिन्हें लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।

आकिब नबी ने बंगाल के खिलाफ मैच में 9 विकेट झटके

बता दें कि आकिब नबी ने बंगाल के खिलाफ मैच में कुल 9 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी में पांच विकेट शामिल थे। गेंदबाजी के साथ-साथ अब्दुल समद ने भी बल्ले से कमाल दिखाया। पहली पारी में 82 रन की अहम पारी खेलने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 30 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। बंगाल की पहली पारी में सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन की शानदार पारी खेली, जिससे टीम 328 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंची। इसके बाद मोहम्मद शमी ने कहर बरपाते हुए आठ विकेट लिए और बंगाल को 26 रन की बढ़त दिलाई।

जम्मू-कश्मीर ने जवाबी किया हमला

हालांकि जम्मू-कश्मीर ने भी जवाबी हमला किया। अब्दुल समद के 82 और आकिब नबी के 42 रनों की बदौलत टीम 300 के पार पहुंच गई। 26 रन की बढ़त हासिल करने के बाद बंगाल मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने मैच का रुख पलट दिया। आकिब नबी ने चार विकेट चटकाए जबकि सुनील कुमार ने भी चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बंगाल की पूरी टीम महज 99 रन पर सिमट गई। J&K को फाइनल में पहुंचाने में नबी के शानदार प्रदर्शन का अहम योगदान रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश पर क्वार्टर फाइनल जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने 110 रन देकर 12 विकेट लिए थे।

बंगाल के गेंदबाजों ने पूरी ताकत झोंकी

उन्होंने पहली पारी में 40 रन देकर 7 विकेट और दूसरी पारी में 70 रन देकर 5 विकेट झटके थे। नबी के इस बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर J&K 56 रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा था। 126 रन का लक्ष्य आसान नहीं था। बंगाल के गेंदबाजों ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा और 6 विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अब टीम की नजर रणजी ट्रॉफी के खिताब पर होगी, जहां वह एक और नया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। फाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच जारी सेमीफाइनल मैच के विजेता से होगा।

Next Story