Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

जापान को मिला पहला महिला प्रधानमंत्री, साने ताकाइची के नाम पर लगी मुहर! एंकर से पीएम बनने का सफर इस तरह किया तय...

Aryan
21 Oct 2025 1:06 PM IST
जापान को मिला पहला महिला प्रधानमंत्री, साने ताकाइची के नाम पर लगी मुहर! एंकर से पीएम बनने का सफर इस तरह किया तय...
x
‘लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख’ साने ताकाइजी को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है

नई दिल्ली। जापान की संसद ने आज यानी मंगलवार को अति-रूढ़िवादी साने ताकाइची को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री चुना है। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख साने ताकाइची प्रधानमंत्री के रूप में शिगेरु इशिबा की जगह लेंगी। जिन्हें दो बार चुनावी हार के बाद मजबूरन इस्तीफा देना पड़ा। आज शाम जापान के 104वें प्रधानमंत्री के रूप में वह शपथ ग्रहण करेंगी। साने ताकाइची ने जापान में एक नया इतिहास लिख दिया।

साने ताकाइची चुनी गई देश की पीएम

जानकारी के मुताबिक, संसद के निचले सदन में साने ताकाइची को 237 वोट मिले हैं, जो कि 465 सीटों वाले सदन में बहुमत से अधिक है। एक दिन पहले ही ताकाइची की संघर्षरत पार्टी ने संसद में समर्थन के लिए एक नए सहयोगी के साथ गठबंधन किया था, जिससे उनके शासन के और दक्षिणपंथी बनने की उम्मीद है। इसके बाद भी संसद में दो और वोटों की आवश्यकता थी जो उन्होंने हासिल कर लिया। शिगेरु इशिबा ने आज मतलब मंगलवार को ही अपने मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा दे दिया, जिससे उनके उत्तराधिकारी के लिए रास्ता साफ हो गया है। इस तरह से ताकाइची जापान की पीएम चुन ली गई हैं।

आयरन लेडी साने ताकाइची

जापान के दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शिष्या साने ताकाइजी को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है। साल 1961 में नारा प्रांत में जन्मी ताकाइची के परिवार का राजनीति से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं था। पिता एक कार्यालय में कर्मचारी थे और उनकी मां एक पुलिस अधिकारी थीं। उन्हें राजनीतिक प्रेरणा 1980 के दशक में मिली, जब अमेरिका-जापान व्यापार का तनाव अपने चरम पर था। उन्होंने 1996 में एलडीपी के साथ संसदीय सीट जीती। उसके बाद से वह 10 बार सांसद चुनी गईं और इतनी बार में केवल एक बार हारीं। बता दें कि ताकाइची ब्रिटेन की पहली महिला पीएम मार्गरेट थैचर की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और अपने देश की आयरन लेडी बनना चाहती थीं। वह इमिग्रेशन पर कड़ा रुख रखती हैं। उन्होंने कहा है कि वह नियम तोड़ने वाले आगंतुकों और अप्रवासियों पर कड़ी कार्रवाई करेंगी।

एंकर से पीएम बनने का सफर किया तय

जानकारी के मुताबिक, साने ताकाइची का जन्म सात मार्च 1961 को जापान के नारा राज्य में हुआ था। उनके पिता टोयोटा कंपनी में कर्मचारी और मां पुलिस में थी। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद ताकाइची निजी विश्वविद्यालय से पढ़ाई करना चाहती थीं, लेकिन छोटे भाई की पढ़ाई में कोई व्यवधान न आए, इसलिए उन्होंने कोबे विश्वविद्यालय से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की। उसके बाद उन्होंने टीवी एंकरिंग के साथ बहुत काम किया।

Next Story