
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- कंगना रनौत को...
कंगना रनौत को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से लगा झटका! मानहानि केस में कोर्ट ने कहा- रद्द करने का कोई आधार नहीं, जानें क्या है मामला

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को एक मामले में करारा झटका लगा है। किसान आंदोलन के दौरान कंगना के एक 'एक्स' पोस्ट से जुड़ा मामला है, जिसमें उन्होंने बुजुर्ग महिला मोहिंदर कौर की तस्वीर पर टिप्पणी की थी। साल 2021 में केस दर्ज कराया गया था। वहीं पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मानहानि मामले को रद्द करने की उनकी याचिका को खारिज कर दिया है।
बठिंडा में मानहानि का मामला करवाया था दर्ज
बता दें कि कंगना के खिलाफ मोहिंदर कौर ने मानहानि का केस दर्ज कराया था। हालांकि बाद में कंगना ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। दिल्ली में साल 2021 में चल रहे किसान आंदोलन के दौरान कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने मोहिंदर कौर की तस्वीर का जिक्र करते हुए विवादित टिप्पणी की थी। वहीं कंगना की इस टिप्पणी को मोहिंदर कौर ने अपमानजनक माना और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए बठिंडा में मानहानि का मामला दर्ज करवाया था।
कंगना को मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है
दरअसल, कंगना ने इस केस को रद्द करने की मांग करते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कंगना की दलील थी कि उनका 'एक्स' पोस्ट अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में था और इसमें मानहानि का कोई इरादा नहीं था। वहीं हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद कंगना की याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने माना कि मानहानि का मामला प्रथम दृष्टया बनता है और इसे रद्द करने का कोई आधार नहीं है। इस फैसले के बाद कंगना को मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है।
आंदोलन में शामिल लोगों कोअंतर्राष्ट्रीय साजिश का बताया हिस्सा
वहीं मोहिंदर कौर के वकील ने कहा कि यह फैसला न केवल उनके लिए बल्कि उन सभी के लिए महत्वपूर्ण है जो सोशल मीडिया पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों से प्रभावित होते हैं। किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें शेयर करते हुए विवादित टिप्पणी की थी। आंदोलन में शामिल लोगों को उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय साजिश का हिस्सा बताया था। वहीं कंगना रनौत के विवादित बयान के बाद बुलंदशहर और आगरा की कोर्ट में किसानों ने महिलाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।