
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अब से 'केरलम' के नाम...
अब से 'केरलम' के नाम से जाना जाएगा केरल, मोदी कैबिनेट ने नाम बदलने की दी मंजूरी

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने को मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया, जब से भाषा के आधार पर राज्य का निर्माण हुआ, तब से इसकी मांग थी कि केरल का नाम केरलम होना चाहिए। इस मांग को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। यह कदम राज्य में इस साल होने वाले केरल विधानसभा चुनाव से पहले उठाया गया है। यह फैसला केरल विधानसभा द्वारा जून 2024 में सर्वसम्मति से पारित उस प्रस्ताव के बाद आया है, जिसमें केंद्र से संविधान की पहली और आठवीं अनुसूची में राज्य का नाम 'केरलम' करने का आग्रह किया गया था।
नए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) भवन ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित यूनियन कैबिनेट की यह पहली बैठक थी। केरल विधानसभा ने इस प्रस्ताव को दूसरी बार पारित किया क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहले प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए कुछ तकनीकी बदलावों का सुझाव दिया था।
रेलवे के 3 प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी
कैबिनेट ने इसके साथ ही रेलवे के 3 प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी है। तीनों प्रोजेक्ट देश के अहम रेलवे कॉरिडोर की क्षमता बढ़ाने में मदद करेंगे। इन सभी प्रोजेक्ट में लाइन का विस्तार होने है जिससे ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ेगी और समय और लागत बचेगी।
- पहला प्रोजेक्ट जबलपुर से गोंदिया के बीच है। 231 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 5236 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
- दूसरा प्रोजेक्ट बिहार के पुनरख से किऊल के बीच है। 50 किलोमीटर लंबे इस रेलवे प्रोजेक्ट पर तीसरी और चौथी लाइन के लिए 2668 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
- तीसरा प्रोजेक्ट गम्हरिया से चांडिल के बीच है जो कि 3 बड़े स्टील क्लस्टर को सर्व करेगा। इस रूट की लंबाई 26 किलोमीटर है और लागत करीब 1200 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो के एक्सटेंशन को भी मंजूरी मिली है। इसमें 1067 करोड़ रुपये की लागत से गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक विस्तार किया जाना है।




